संविधान सभा चुनाव: नेपाली कांग्रेस को बढ़त, प्रचंड पराजित

संविधान सभा चुनाव: नेपाली कांग्रेस को बढ़त, प्रचंड पराजित

संविधान सभा चुनाव: नेपाली कांग्रेस को बढ़त, प्रचंड पराजित काठमांडो : नेपाल में संविधान सभा के चुनाव में माओवादी प्रमुख पुष्प कमल दहल प्रचंड को आज दोहरा झटका लगा। चुनाव में न सिर्फ उनकी पार्टी तीसरे स्थान पिछड़ गई है, बल्कि उन्हें एक सीट पर खुद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। देश की नयी संविधान सभा के चुनाव के लिए हो रही मतों की गिनती के रूझान में नेपाली कांग्रेस सबसे आगे चल रही है।

सुशील कोइराला के नेतृत्व वाली नेपाली कांग्रेस (एनसी) 74 सीटों पर आगे चल रही है तो नेकपा-यूएमएल 54 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। एकीकृत नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा)-माओवादी 20 सीटों पर बढ़त के साथ तीसरे स्थान पर चल रही है।

आधिकारिक तौर पर 40 सीटों के नतीजों का ऐलान किया गया है। नेपाली कांग्रेस और नेकपा-यूएमएल दोनों को 19-19 सीटें मिली हैं जबकि प्रचंड की पार्टी को केवल दो सीटें मिली हैं। मतगणना के बाद 601 सदस्यीय सभा एक नया संविधान तैयार करेगी। इस सभा के लिए 240 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान से और 335 सदस्य आनुपातिक मतदान प्रणाली से चुने जाएंगे और शेष 26 सदस्यों को सरकार नामित करेगी। नयी संविधान सभा एक नया संविधान का मसौदा तैयार करेगी जिसका उद्देश्य देश के कई साल से जारी राजनीतिक अनिश्चितता और उथलपुथल को खत्म करना है।

साल 2008 में हुए संविधान सभा के चुनाव में एकीकृत नेकपा-माओवादी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी थी, जबकि नेपाली कांग्रेस दूसरे और नेकपा-यूएमल तीसरे स्थान पर रही थी। एनसी ने राजधानी काठमांडो की 10 में से पांच सीटें जीती हैं जबकि सीपीएन-यूएमएल ने दो सीटें हासिल की हैं।

माओवादी पार्टी ने एक बयान में कहा कि संविधान सभा के चुनाव के दौरान साजिश और असामान्य गतिविधियों के कारण मतों की गिनती का काम लोगों की उम्मीदों और विचारों के अनुसार नहीं हो सका, इसलिए हम मतगणना को स्थगित करने की मांग करते हैं। पार्टी के अध्यक्ष प्रचंड को नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार राजन केसी के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा है। काठमांडो निर्वाचन क्षेत्र 10 से उम्मीदवार राजन को 20,392 मत मिले जबकि प्रचंड के नाम से पहचाने जाने वाले पुष्प कमल दहल को 12,852 मत ही मिले। इस सीट से चुनाव लड़ रहे तीसरे उम्मीदवार नेकपा-यूएमएल के सुरेंद्र मानंधर को 13,615 मत मिले। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 22, 2013, 00:21

comments powered by Disqus