Last Updated: Saturday, January 11, 2014, 11:51

नुकुअलोफा (टोंगा): दक्षिण प्रशांत के द्वीपीय देश टोंगा में आज एक शक्तिशाली चक्रवात आया जिससे उत्तरी द्वीप समूह में नुकसान होने की खबर है। मातंगी टोंगा समाचार वेबसाइट में कहा गया है कि आज सुबह वावायू और हा’पई द्वीपों में चक्रवात के कारण हुयी भारी बारिश के कारण आपात स्थिति की घोषणा कर दी गयी। चक्रवात के कारण यहां 287 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। टोंगाटापू के मुख्य द्वीप पर चक्रवात का असर सर्वाधिक था।
टोंगा के आपात स्थिति निदेशक लेवेनी अहो ने वेबसाइट को बताया ‘‘हम लोगों को हुंगा द्वीप से नुकसान की खबर मिली है और हमारा दल अभी भी वहां पहुंचने का प्रयास कर रहा है। ’’ उन्होंने चक्रवात के दौरान लोगों को टोंगा के द्वीपों की यात्रा न करने की सलाह दी और बाहरी द्वीपों के निवासियों से घरों में ही रहने का आह्वान किया। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 11, 2014, 11:51