बोलीविया में 702 सैनिकों को बर्खास्‍त करने का आदेश

बोलीविया में 702 सैनिकों को बर्खास्‍त करने का आदेश

लापाज : बोलीविया के सैन्य नेताओं ने, देश के सशस्त्र बलों में समान व्यवहार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे निचले रैंक के 702 सैनिकों को राजद्रोह के आरोप में बर्खास्‍त करने के आदेश दिए हैं।

सेना, नौसेना और वायु सेना ने कल एक बयान में कहा कि उन्होंने प्रदर्शनकारी सैनिकों को बर्खास्‍त करने का आदेश दिया है क्योंकि उन्होंने राजद्रोह, विद्रोह, राजनीतिक कार्रवाई की और सैन्य बलों के सम्मान को आघात पहुंचाया। करीब 500 सैनिकों ने मंगलवार को अप्रत्याशित रूप से प्रदर्शन किया लेकिन उनकी संख्या कल तक 1,000 पहुंच गई।

निचले रैंक के इन सैनिकों ने लापाज में जुलूस निकाला। कुछ सैनिकों की पत्नियां और कुछ अयमारा मूलनिवासी नेता भी जूलूस में थे जो सेना में समान व्यवहार किए जाने की मांग का समर्थन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सेना में मूलनिवासी बोलीवियाई लोगों के साथ भेदभाव किया जाता है। लेकिन रक्षा अधिकारियों ने इस आरोप से इंकार किया है। (एजेंसी)

First Published: Friday, April 25, 2014, 09:57

comments powered by Disqus