Last Updated: Friday, May 9, 2014, 20:15
कराची : पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के सुदूर इलाके में घास काटने को लेकर दो कबीलों के बीच हुए संघर्ष में 11 लोगों की जान चली गई। पुलिस ने आज बताया कि माछी कबीले का एक व्यक्ति प्रांत के झाल माग्सी इलाके में पीचो कबीले के मैदान से घास काट रहा था। उसी दौरान माछी कबीले के व्यक्ति की हत्या कर दी गयी।
घटना से गुस्साए माछी कबीले के हथियारबंद लोगों ने पीचो कबीले के एक परिवार पर हमला कर 10 लोगों की हत्या कर दी और कम से कम सात लोगों को घायल कर दिया। बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा, लेकिन सबसे पिछड़ा प्रांत है जहां कबीलों के बीच ऐसे संघर्ष आम बात है। प्रांत के ज्यादातर निवासी अभी भी जीविका के लिए पशुपालन और कृषि जैसे पुरातनपंथी तरीकों पर निर्भर करते हैं। क्षेत्र में कुछ कबीलों के बीच तो वषरें से संघर्ष चल रहा है। (एजेंसी)
First Published: Friday, May 9, 2014, 20:15