Last Updated: Saturday, March 29, 2014, 18:57
पर्थ : मलेशिया के दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे की तलाश के लिए चलाए रहे अभियान के क्रम में आज चीन के विमान ने हिंद महासागर के नए इलाके में नई वस्तुओं का पता लगाया है। दुर्घटनाग्रस्त विमान की खोज का अभियान कल नाटकीय अंदाज में दक्षिणी हिंद महासागर से 1,100 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थानांतरित कर दिया गया।
चीन के समुद्री सुरक्षा प्रशासन के पोत हैक्जुन 01 और चीनी नौसेना के पोत जिंगानशान दो हेलीकॉप्टरों के साथ तलाशी अभियान में लगे हुए हैं। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार चीन के एक विमान ने तीन बहती हुई वस्तुओं का पता लगाया। ये वस्तुएं सफेद, लाल और नारंगी रंग की थी। तलाशी अभियान के दौरान कल पांच विमानों ने अलग अलग वस्तुओं का पता लगाया था।
आस्ट्रेलियाई समुद्री सुरक्षा प्राधिकरण (एएमएसए) ने एक बयान में कहा, ‘दिखीं वस्तुओं की शिनाख्त तभी की जा सकती है जब पोत के द्वारा इन्हें लाया जाता है। अभी बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है।’ मलेशिया एयरलाइंस के इस विमान ने बीते आठ मार्च को कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए उड़ान भरी थी और इसके कुछ देर बाद यह लापता हो गया था। इसमें पांच भारतीय नागरिकों सहित 239 लोग सवार थे। इसमें सबसे अधिक चीन के 154 लोग सवार थे। मलेशियाई सरकार ने सोमवार को विमान के हादसे का शिकार होने का एलान किया। (एजेंसी)
First Published: Saturday, March 29, 2014, 18:57