भारत, चीन, पाक के नौसेना पोतों ने किया दुर्लभ अभ्यास

भारत, चीन, पाक के नौसेना पोतों ने किया दुर्लभ अभ्यास

बीजिंग : भारत के लड़ाकू युद्धपोत आईएनएस शिवालिक ने आज चीनी और पाकिस्तानी नौसेना के पोतों के साथ चीन के तट पर उसकी नौसेना की 65वीं वषर्गांठ के मौके पर आयोजित जश्न के लिए दुर्लभ बहुपक्षीय नौवहन अभ्यास में हिस्सेदारी की। भारतीय नौसैन्य पोत ने 18 अन्य पोतों, सात हेलिकाप्टरों और मैरीन कोर के साथ इस अभ्यास में हिस्सा लिया।

पूर्वी चीनी शहर क्विंगदाओ के तट पर आयोजित इस अभ्यास में भारत के अलावा सात अन्य देशों के पोतों ने हिस्सा लिया जिसमें चीन, बांग्लादेश, पाकिस्तान, सिंगापुर, इंडोनेशिया, मलेशिया और ब्रुनेई के पोत शामिल हैं।

‘मैरीटाइम कोऑपरेशन 2014’ कोड नाम वाले इस बहुपक्षीय नौवहन अभ्यास का आयोजन पहली बार पीपुल्स लिबरेशन आर्मी द्वारा किया गया था। अभ्यास में संयुक्त खोजबीन और बचाव, कार्यबल संचार, गठन गतिविधि, नौवहन आपूर्ति, संयुक्त बचाव, संयुक्त अपहरण रोधी अभियान और लघु शस्त्र गोलीबारी पर ध्यान केंद्रित किया गया।

चीनी विध्वंसक पोत हारबिन को कमान पोत बनाया गया था और बेईहाई बेड़े के उप प्रमुख यांग जुनफेई को अभ्यास की कमान संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। यह दूसरा मौका है जब शिवालिक ने चीनी बंदरगाह का दौरा किया है। पिछले साल इसने तीन अन्य भारतीय पोतों के साथ सद्भावना दौरे के रूप में शंघाई की यात्रा की थी। कल शिवालिक को जब जनता के लिए खोला गया तो 400 नौसैन्य कैडटों समेत 1500 से अधिक लोगों ने इसे देखा। चीन में भारतीय राजदूत अशोक के कांता ने भी इसके डेक पर एक स्वागत समारोह का आयोजन किया था। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 23, 2014, 18:39

comments powered by Disqus