Last Updated: Tuesday, February 4, 2014, 18:16
कराची : पाकिस्तान के तटीय शहर कराची की एक जेल में भारत का एक मछुआरा मृत पाया गया है। पिछले दो महीने के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार इस भारतीय कैदी की पहचान किशोर भगवान के रूप में हुई है। भगवान लांधी जेल में मृत पाए गए। किशोर की मौत के कारण का पता नहीं चला है। उनके शव को यहां के एक अस्पताल में भेजा गया है।
भारतीय राजनयिक सूत्रों ने बताया कि इस मामले पर उन्हें पाकिस्तान के अधिकारियों से अभी जानकारी नहीं मिली है। एक और भारतीय मछुआरे भीख लखा शियाल (35) का शव अभी भारतीय अधिकारियों के सुपुर्द नहीं किया गया है। शियाल की पिछले साल 19 दिसंबर को मौत हो गई थी।
एक भारतीय राजनयिक ने बताया, ‘‘उम्मीद है कि शियाल का शव हमें जल्द सौंप दिया जाएगा। हम उनके शव को भारत भेजने के प्रबंध कर रहे हैं।’’ भारत सरकार ने पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क कर कहा था कि शियाल के शव को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया को तेज किया जाए। शियाल की मौत की वजह का अब भी पता नहीं चल पाया है। उनके शव को यहां के एक शवगृह में रखा गया है।
भगवान उन 50 से अधिक भारतीय मछुआरों में शामिल थे जिन्हें पिछले साल जनवरी में पाकिस्तान के विशेष आर्थिक क्षेत्र में कथित तौर पर दाखिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह जेल की चारदीवारी फांदकर भाग गया था, हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया था। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार जेल से भागने के बाद भगवान कराची की सड़कों पर रह रहा था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, February 4, 2014, 18:16