केनेडी की पत्नी जैकलिन के खतों की होगी नीलामी

केनेडी की पत्नी जैकलिन के खतों की होगी नीलामी

वॉशिंगटन : अमेरिका के शेपर्ड आयरिश ऑक्शन हाउस ने अपनी वेबसाइट पर ऐलान किया है कि अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला जैकलिन केनेडी द्वारा आयरलैंड के एक कैथलिक पादरी को लिखे गए खतों की नीलामी नहीं की जाएगी।

अमेरिका की सबसे प्रशंसित प्रथम महिलाओं में से एक रहीं जैकलिन ने काफी भावपूर्ण होकर पादरी को ये खत लिखे थे। जैकलिन के इन खतों के जरिए उनकी व्यक्तिगत सोच की एक दुर्लभ झलक मिलती है।

रेवरेंड जोसेफ लियोनार्ड को लिखे गए खतों में जैकलिन ने प्रेम के बारे में अपनी अनुभूतियों, अपने पति और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ केनेडी की इश्कमिजाजी और नवंबर 1963 में जॉन एफ केनेडी की हत्या के बाद आस्था के साथ अपने संघर्ष के बारे में लिखा है। जैकलिन की मृत्यु 1994 में हुई थी।

शेपर्ड आयरिश ऑक्शन हाउस ने अपनी वेबसाइट पर बताया, ‘‘शेपर्ड नीलामी के लिए भेजे गए ऐतिहासिक अभिलेख और इससे जुड़ी चीजें बेचने वाले को वापस करने की प्रक्रिया में है।’’ सीएनएन ने कैथलिक न्यूज सर्विस के हवाले से कहा कि करीब 14 साल की अवधि में लिखे गए इन खतों को आयरलैंड के डबलिन स्थित ऑल हैलोज कॉलेज ने नीलामी के लिए रखा था। यह कॉलेज कैथलिक चर्च के विसेंटियन पादरियों द्वारा संचालित किया जाता है।

कॉलेज ने यह तो नहीं बताया कि उसने खतों को नीलामी से वापस लेने का फैसला क्यों किया लेकिन साफ किया कि वह केनेडी परिवार के संपर्क में है ताकि यह फैसला किया जा सके कि खतों का क्या करना है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, May 25, 2014, 18:48

comments powered by Disqus