लंदन में 30 सालों से बंधक बनीं तीन महिलाएं मुक्त

लंदन में 30 सालों से बंधक बनीं तीन महिलाएं मुक्त

लंदन : यहां करीब 30 वर्षो से बंधक बनाकर रखी गईं तीन महिलाओं को एक बुजुर्ग दंपति के चंगुल से मुक्त करा लिया गया। यह जानकारी मीडिया रिपोर्टों में दी गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने गुरुवार को मीडिया रिपोर्टों के हवाले से कहा कि पीड़िताओं की पहचान मलेशिया निवासी (69), आयलैंड निवासी (57) और ब्रिटिश महिला (30) के रूप में हुई है।

इन महिलाओं को घर में बंधक बनाकर रखने वाले 67 वर्षीय युगल को लैम्बेथ में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक गैर सरकारी संस्था को अक्टूबर में एक महिला ने फोन किया। उसने बताया था कि उन्हें लंदन में एक घर में पिछले 30 वर्षो से अधिक समय से उनकी इच्छा के विरुद्ध रखा गया है। इसके बाद संस्था ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कहा कि तीनों महिलाएं गहरे सदमे में थीं। उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को महिलाओं का यौन शोषण होने का कोई सबूत नहीं मिला है।

पुलिस इस बात की छानबीन कर रही है कि युवा पीड़िता का जन्म उसी घर में हुआ या उसे बालपन में ही वहां ले आया गया था। एक अधिकारी ने कहा कि हमने ऐसे कई मामले देखे जिनमें लोग दस साल तक बंधक बनाकर रखे गए, लेकिन इतने लंबे अर्से तक बंधक रखने का मामला कभी नहीं देखा। ऐसा लगता है कि महिलाएं कैद में रहीं और उनका अधिकांश समय चारदीवारी में बीता। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 22, 2013, 19:19

comments powered by Disqus