लापता विमान के हवाई खोजी अभियान को तूफान ने रोका

लापता विमान के हवाई खोजी अभियान को तूफान ने रोका

लापता विमान के हवाई खोजी अभियान को तूफान ने रोकाबैंकॉक/पर्थ : थाईलैंड के एक उपग्रह ने दक्षिणी हिंद महासागर में सैकड़ों बहती हुई वस्तुओं का पता लगाया है जिनके दुर्घटनाग्रस्त हुए मलेशियाई विमान का मलबा होने की आशंका जताई गई है। दूसरी ओर खराब मौसम के कारण मलबे की खोज के लिए चलाए जा रहे हवाई अभियान को रोकना पड़ा है।

‘थाईकॉट’ उपग्रह ने बीते 24 मार्च को 300 बहती हुई वस्तुओं की तस्वीरें लीं। थाईलैंड की ‘जियो इनफॉर्मेटिक्स एंड स्पेस टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट एजेंसी’ के कार्यकारी निदेशक आनंद शिदवोंग्स ने यह जानकारी दी। जहां ये वस्तुएं देखी गई हैं वे आस्ट्रेलियाई शहर पर्थ से करीब 2,700 किलोमीटर तथा अंतरराष्ट्रीय तलाशी क्षेत्र से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर है। कुछ वस्तुएं दो मीटर से अधिक लंबी थीं। इससे पहले फ्रांस के एक उपग्रह ने 122 वस्तुओं की तस्वीरें कैद की थी।

थाई एजेंसी ने कहा कि उसे पूरा भरोसा है कि तस्वीरों में बहती वस्तुएं दिखाई दे रही हैं, हालांकि उसने कहा कि इसके बारे में विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी जा सकती क्योंकि तस्वीरों का रिजोल्यूशन कम है। दुर्घटनाग्रस्त मलेशियाई विमान के मलबे की खोज के लिए आस्ट्रेलिया के नेतृत्व में विमानों के जरिए चलाया जा रहा तलाशी अभियान आज तूफान के कारण स्थगित करना पड़ा। पोत तलाशी के काम को जारी रखेंगे। आस्ट्रेलियाई समुद्री सुरक्षा प्राधिकरण (एएमएसए) ने कहा कि खराब मौसम अगले 24 घंटे तक रहने की संभावना है।

छह सैन्य विमान, पांच नागरिक विमान और पांच जहाज दक्षिणी हिंद महासागर में मलबे की तलाश कर रहे हैं। मलेशिया एयरलाइंस के विमान उड़ान संख्या एमएच 370 का बहुराष्ट्रीय तलाश अभियान के दौरान कल उस समय अब तक का ‘सबसे विश्वसनीय’ सबूत मिला जब फ्रांस के उपग्रहों ने दूरस्थ दक्षिणी हिंद महासागर में 122 वस्तुएं देखीं।

इससे पहले एएमएसए ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा था, ‘विमान के मलबे की खोज संबंधी गतिविधियों में आज कुल 11 विमान और पांच जहाज शामिल होंगे।’ मलेशिया एयरलाइंस के इस विमान ने बीते आठ मार्च को उड़ान भरी थी और इसके कुछ देर बाद यह लापता हो गया था। इसमें पांच भारतीय नागरिकों सहित 239 लोग सवार थे। इसमें सबसे अधिक चीन के 154 लोग सवार थे। मलेशियाई सरकार ने सोमवार को विमान के हादसे का शिकार होने का एलान किया। (एजेंसी)

First Published: Thursday, March 27, 2014, 18:23

comments powered by Disqus