मनमोहन सिंह का चीन दौरा, सीमा विवाद पर होगी चर्चा

मनमोहन सिंह का चीन दौरा, सीमा विवाद पर होगी चर्चा

मनमोहन सिंह का चीन दौरा, सीमा विवाद पर होगी चर्चा  मास्को: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह रूसी दौरे के बाद मंगलवार को चीन के लिए रवाना हुए, जहां उनकी चीनी समकक्ष ली केकियांग के साथ होने वाली बैठक में सीमा विवाद का मुद्दा शीर्ष पर होगा। उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सोमवार को साढ़े चार घंटे की निर्धारित बातचीत की और इस बैठक ने दोनों देशों के रिश्ते की प्रगाढ़ता को दर्शाया।

दो देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होंने कहा था कि भारत और चीन साथ-साथ सीमा पर शांति स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण सहमति तक पहुंचे हैं और भारत-चीन सीमा के सवाल को सुलझाने की दिशा में शुरुआती प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि दोनों देशों की अपनी-अपनी चिताएं है जिन पर मित्रता एवं सहयोग के वातावरण को प्रभावित किए बिना ईमानदारी और परिपक्वता के साथ ध्यान दिया जा रहा है।

भारत और चीन की सेना के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर युद्ध की स्थिति से बचने के लिए तैयार किए गए सीमा सुरक्षा सहयोग समझौता (बीडीसीए) के भी इस बैठक में मुद्दा रहने की संभावना है। बीडीसीए की अंतिम रूपरेखा को सुरक्षा पर गठित मंत्री मंडलीय समिति ने पिछले सप्ताह मंजूरी दे दी है।

जल बंटवारा, व्यापार के प्रतिकूल आंकड़े और वीजा का मसला भी इस बैठक में उठाए जाने की संभावना है। मनमोहन सिंह की चीन यात्रा से पहले इसके विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनिंग ने कहा कि चीन प्रधानमंत्री की यात्रा का इंतजार कर रहा है।

नियमित प्रेस वार्ता के दौरान सोमवार को उन्होंने कहा था कि भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा भारत-चीन की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह चीनी प्रधानमंत्री की मई में हुई भारत यात्रा के बाद हो रही है।

मनमोहन सिंह चीन के राष्ट्रपति जी जिनपिंग से मुलाकात कर ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल में बुधवार को संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। वह स्वदेश लौटने से पहले गुरुवार को कम्युनिस्ट पार्टी के सेंट्रल पार्टी स्कूल को भी संबोधित करेंगे। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, October 22, 2013, 13:17

comments powered by Disqus