Last Updated: Sunday, March 30, 2014, 13:14

पर्थ : दुर्घटनाग्रस्त मलेशियाई विमान के मलबे की तलाश के लिए चलाया जा रहा अभियान आज भी जारी रहा, हालांकि इसका कोई नतीजा नहीं निकला। हिंद महासागर में चलाए जा रहे अभियान में 10 विमान और आठ पोत लगे हैं।
आस्ट्रेलियाई समुद्री सुरक्षा प्राधिकरण (एमसा) ने कहा कि कल आठ विमान और कई पोतों ने 2, 52, 000 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में खोजी अभियान चलाया। चीन और आस्ट्रेलिया के पोत लापता विमान एमएच-370 के मलबे की शिनाख्त करने में नाकाम रहे।
मलबे के तलाश के अभियान में आस्ट्रेलिया, चीन, मलेशिया, जापान, न्यूजीलैंड, दक्षिण कोरिया और अमेरिका सहित कई देश शामिल हैं। चीन के समुद्री सुरक्षा प्रशासन के पोत हैक्जुन 01 और चीनी नौसेना के पोत जिंगानशान दो हेलीकॉप्टरों के साथ तलाशी अभियान में लगे हुए हैं। मलेशिया एयरलाइंस के इस विमान ने बीते आठ मार्च को कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए उड़ान भरी थी और इसके कुछ देर बाद यह लापता हो गया था। इसमें पांच भारतीय नागरिकों सहित 239 लोग सवार थे। इसमें सबसे अधिक चीन के 154 लोग सवार थे। मलेशियाई सरकार ने सोमवार को विमान के हादसे का शिकार होने का एलान किया। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 30, 2014, 13:14