Last Updated: Friday, December 13, 2013, 12:32
सोल : उत्तर कोरिया ने देश के नेता किम जोंग उन के फूफा चांग सोंग थाएक को शासन को चुनौती देने के कारण ‘देशद्रोह’ के आरोप में फांसी दी है। सरकारी मीडिया ने आज यह जानकारी दी।
सरकारी संवाद समिति केसीएनए ने बताया कि चांग एक समय में बहुत ताकतवर नेता थे। वे किम के बहुत निकट थे और अनौपचारिक रूप से देश के नंबर दो नेता थे। उन्हें एक विशेष सैन्य सुनवाई के बाद कल तत्काल फांसी दे दी गई।
किम ने 2011 में अपने पिता किम जोंग इल के निधन के बाद सत्ता संभाली थी। उस समय चांग (67) ने अनुभवहीन किम का नेतृत्व स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी। सरकारी मीडिया ने दिखाया कि सैन्य सुनवाई के बाद बाहर आए चांग का सिर झुका हुआ था और उनके हाथ बंधे हुए थे। उनके साथ दो अधिकारी चल रहे थे जिनमें से एक अधिकारी का हाथ उनकी गर्दन के पीछे थे।
अमेरिकी विदेश विभाग की उप प्रवक्ता मैरी हर्फ ने कहा, ‘यदि यह पुष्ट खबर है तो यह उत्तर कोरिया के शासन की क्रूरता का एक और उदाहरण है।’ दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पार्क ग्यून हे ने जोंग उन पर अपना नेतृत्व कायम करने के लिए ‘आतंक का राज’ स्थापित करने का आरोप लगाया।
किम का परिवार पिछले छह दशकों से उत्तर कोरिया पर शासन कर रहा है और यहां पहले भी किसी भी प्रकार का असंतोष जाहिर करने वाले को या तो फांसी दे दी गई या जेल शिविरों में भेज दिया गया। लेकिन देश में पिछले कुछ दशकों से इतने बड़े स्तर पर फांसी नहीं दी गई थी। शासन ने चांग को जोंग उन (30) और उनके पिता को धोखा देने का दोषी ठहराया। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 13, 2013, 12:32