हिंद महासागर में ढूंढ़ा जा सकता है मलेशिया का लापता विमान : अमेरिका

हिंद महासागर में ढूंढ़ा जा सकता है मलेशिया का लापता विमान : अमेरिका

हिंद महासागर में ढूंढ़ा जा सकता है मलेशिया का लापता विमान : अमेरिकाज़ी मीडिया ब्यूरो

कुआलालम्पुर: अमेरिका का कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले लापता हुए मलेशिया विमान की खोज हिंद महासागर में भी की जा सकती है। यह खोज इस संबंध में मिली कुछ नई जानकारियों पर होगी, हालांकि ये जानकारियां पुख्ता नहीं हैं। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जे कार्ने ने संवाददाताओं से कहा कि अमेरिका और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय मलेशियाई एयरलाइंस की विमान संख्या एमएच370 की खोज के संबंध में विभिन्न सूचनाओं पर नजर बनाए हुए है। कार्ने ने कहा कि कुछ जानकारियों के आधार पर विमान को एक नए क्षेत्र में ढूंढ़ने की संभावना बढ़ती है और यह क्षेत्र हिंद महासागर हो सकता है। लेकिन इस बारे में मेरे पास और कोई विस्तृत जानकारी नहीं है।

लापता विमान की खोज में अभी 43 पोत और 40 विमान जुटे हैं। इनमें से 26 पोत और 25 विमान दक्षिण चीन सागर में और 17 पोत और 15 विमान मलक्का की खाड़ी में तैनात हैं। विमान को खोजने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है लेकिन अभी तक इसमें कामयाबी नहीं मिल पाई है। मलेशिया सरकार के अनुरोध के बाद भारतीय नौसेना, वायु सेना और तट रक्षक बल भी अब विमान की खोज में जुट गए हैं।

गौर हो कि यह विमान कुआलालंपुर से आधी रात बाद 12:41 बजे रवाना हुआ था और उसे बीजिंग में सुबह 6:30 बजे उतरना था। विमान में चालक दल के 12 सदस्य और 227 यात्री थे जिनमें पांच भारतीय, 154 चीनी, 38 मलेशियाई व अन्य देशों के नागरिक सवार थे। विमान का संपर्क 1:40 बजे टूट गया और उस समय वह वियतनाम के हो ची मिन्ह वायु नियंत्रण की सीमा में उड़ान भर रहा था।

कुआलालंपुर से बीजिंग जा रहा ये विमान बीते शनिवार को उड़ान भरने के कुछ घंटे के भीतर ही लापता हो गया था। इसमें 239 लोग सवार थे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

First Published: Friday, March 14, 2014, 09:10

comments powered by Disqus