सियाचिन से सैनिक हटाए भारत : पाकिस्तान

सियाचिन से सैनिक हटाए भारत : पाकिस्तान

इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने आज भारत से सियाचिन से अपने सैनिक हटाने के लिए कहा और दावा किया कि ग्लेशियर पर उनकी उपस्थिति से पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और देश का प्रमुख जलापूर्ति स्रोत प्रदूषित हो रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा एवं विदेश मामलों पर प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज ने दावा किया कि सियाचिन पर भारतीय बल पाकिस्तान के पर्यावरण के लिए ‘गंभीर खतरा’ पैदा करते हैं।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जल की कमी है और भारतीय सैनिक पाकिस्तान जल के सबसे बड़े स्रोतों में से एक सियाचिन को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय सैनिकों द्वारा रोजाना उपयोग की जाने वाली वस्तुओं से ग्लेशियर का अस्तित्व खतरे में है।

ग्लेशियर पर भारतीय बलों की उपस्थिति को ‘बड़ा मुद्दा’ करार देते हुए उन्होंने भारत से सियाचिन मुद्दे को ‘अपने सैनिक हटाकर प्राथमिकता के आधार पर’ सुलझाने का अनुरोध किया।

अजीज ने कहा कि पाकिस्तान और भारत समग्र वार्ता और सिंधु जल आयोग सहित विभिन्न मार्गों के जरिये जल मुद्दों को सुलझाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि जल के अभाव के असर जलवायु परिवर्तन के लिहाज से गंभीर हैं। भारतीय और पाकिस्तानी सेनाएं वर्ष 1984 से सियाचिन पर आमने सामने के गतिरोध में उलझे हुए हैं। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 4, 2013, 19:20

comments powered by Disqus