एलओसी पर तनाव के बीच वार्ता बहाली के पक्ष में पाक

एलओसी पर तनाव के बीच वार्ता बहाली के पक्ष में पाक

इस्लामाबाद : नियंत्रण रेखा पर मौजूद तनाव के बीच पाकिस्तान ने शांति के व्यापक हित में भारत से द्विपक्षीय वार्ता बहाल करने को कहा है, वहीं यह दावा भी किया है वह भारतीय सेना की कार्रवाई का सिर्फ जवाब दे रहा है।

पाकिस्तान के विदेश विभाग के प्रवक्ता एजाज चौधरी ने कहा कि नियंत्रण रेखा पर हो रही गोलीबारी के बारे में पाकिस्तान और भारत को एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने में शामिल नहीं होना चाहिए।

रेडियो पाकिस्तान की खबर में उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका सहित सभी देशों के साथ पाकिस्तान अच्छे संबंध चाहता है।

चौधरी ने बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि भारत और पाकिस्तान को क्षेत्र में शांति और स्थिरता के व्यापक हित में वार्ता बहाल करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम समझौते का सख्ती से पालन कर रहा है और वह भारतीय सेना की कार्रवाई का सिर्फ जवाब दे रहा है।

चौधरी ने कहा कि दोनों देशों को संघषर्विराम समझौते का सम्मान करना चाहिए और सभी समस्याओं के स्थायी हल के लिए राह ढूंढना चाहिए।

भारत और पाकिस्तान, दोनों ही देशों ने दावा किया है कि उन्होंने संघर्ष विराम का उल्लंघन नहीं किया है और बेवजह की गई गोलीबारी का सिर्फ जवाब दिया है।

गौरतलब है कि मंगलवार को पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में एक भारतीय जवान शहीद हो गया था। इस साल संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं में करीब एक दर्जन भारतीय सैनिक शहीद हुए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं।

चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद जैसी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है और इसके खात्मे से क्षेत्र में शांति कायम होगी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 20, 2013, 19:24

comments powered by Disqus