Last Updated: Friday, December 6, 2013, 19:18
प्रिटोरिया : दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ आंदोलन खड़ा करने वाले नेल्सन मंडेला के पार्थिव शरीर को आज यहां एक सैन्य अस्पताल लाया गया और राजकीय सम्मान के साथ उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गईं। दक्षिण अफ्रीका के लोकतांत्रिक तरीके से चुने गये पहले राष्ट्रपति मंडेला का आज सुबह जोहानिसबर्ग में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया।
मंडेला के शव को एक काली एसयूवी में रखकर सैन्य अस्पताल के शवगृह में ले जाया गया। इस वाहन के साथ सेना की मोटरसाइकिलें चल रही थीं। मंडेला के पार्थिव शरीर को राजधानी प्रिटोरिया में सरकारी ‘यूनियन बिल्डिंग्स’ में रखा जाएगा। आधिकारिक शोक दस दिन तक जारी रहेगा और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार 14 दिसंबर को होने की संभावना है। इसमें दुनियाभर से नेता और अन्य हस्ती यहां पहुंचेंगे।
मंडेला को फेफड़ों में संक्रमण होने पर जून में मेडी क्लीनिक हार्ट हास्पिटल में भर्ती किया गया था और उन्होंने इस साल करीब तीन महीने अस्पताल में गुजारे थे। उन्हें सितंबर में अस्पताल से छुट्टी मिली थी और घर का इलाज किया जा रहा था। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 6, 2013, 19:18