Last Updated: Monday, May 5, 2014, 00:37
लंदन : यूक्रेन में रूस समर्थक प्रदर्शनकारियों ने रविवार को देश के ओडेस्सा में पुलिस मुख्यालय पर हमला बोल दिया और शुक्रवार को हुई हिंसा के बाद से हिरासत में लिए गए कई लोगों को छुड़ा लिया। यह जानकारी मीडिया ने दी है। बीबीसी के मुताबिक, दक्षिणी यूक्रेनी शहर में हिंसा के दो दिनों बाद यह संघर्ष हुआ है। दो दिनों पहले हुई हिंसा में दर्जनों लोग मारे गए थे।
पुलिस मुख्यालय के बाहर जमा हुए सैकड़ों लोगों ने शुक्रवार के उपद्रव के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों को रिहा करने की मांग की। शुक्रवार को हिंसा में मारे गए लोगों में से ज्यादातर रूस समर्थक प्रदर्शनकारी थे। जिस भवन को प्रदर्शनकारियों ने कब्जा कर रखा था उसमें आग लगा दी गई जिससे दम घुटने के कारण कई की मौत हो गई और कुछ लोग जान बचाने के लिए खिड़की से कूदे जिससे उनकी जान चली गई।
यूक्रेन के प्रधानमंत्री अर्सेनी यात्सेनयुक ने पुलिस पर हिंसा रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने घटना की विस्तृत जांच का आदेश दिया है और कहा है कि अधिकारियों ने प्रदर्शन रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा है अधिकारी अक्षम हैं और उन्होंने कानून का उल्लंघन किया है। उन्होंने हालांकि कहा है कि यह उपद्रव यूक्रेन को तबाह करने की रूस की योजना का हिस्सा है। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 5, 2014, 00:37