राहील शरीफ होंगे पाकिस्तानी सेना के नए प्रमुख, कयानी की जगह लेंगे

राहील शरीफ होंगे पाकिस्तानी सेना के नए प्रमुख, कयानी की जगह लेंगे

राहील शरीफ होंगे पाकिस्तानी सेना के नए प्रमुख, कयानी की जगह लेंगेज़ी मीडिया ब्यूरो

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने लेफ्टिनेंट जनरल राहील शरीफ को थलसेना प्रमुख के ताकतवर पद पर नियुक्त किया है। थलसेना के सबसे वरिष्ठ जनरल को नजरंदाज करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल शरीफ को सेना प्रमुख बनाया गया है। जनरल शरीफ जनरल अशफाक कयानी की जगह लेंगे। शरीफ ने एक और नियुक्ति की है। लेफ्टिनेंट जनरल राशिद महमूद को ज्वाइंट चीफ आफ स्टाफ कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है।

अहम पदों पर दोनों सैन्य अधिकारियों की तरक्की को मंजूरी देने से पहले प्रधानमंत्री शरीफ ने चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल महमूद और इंस्पेक्टर जनरल (प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन) लेफ्टिनेंट जनरल शरीफ के साथ इस्लामाबाद में अलग-अलग बैठक की।

एक शीर्ष पाकिस्तानी अधिकारी ने बताया, ‘प्रधानमंत्री की सलाह पर और पाकिस्तान इस्लामी गणराज्य के संविधान के अनुच्छेद के उपबंध तीन के तहत राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर दोनों जनरलों की तरक्की और तैनाती को मंजूरी देकर खुश हैं। दोनों नियुक्ति 28 नवंबर से प्रभावी होगी।’

दोनों जनरल को लेफ्टिनेंट जनरल हारून इस्लाम पर तरजीह दी गयी है, जो इस वक्त कयानी के बाद सबसे वरिष्ठ जनरल हैं और चीफ ऑफ लॉजिस्टिक्स स्टाफ के पद पर हैं। वह अप्रैल में सेवानिवृत होने वाले हैं। लेफ्टिनेंट जनरल शरीफ 61 साल के जनरल अशफाक परवेज कियानी की जगह लेंगे जो छह साल तक सेना की कमान संभालने के बाद शुक्रवार को सेवानिवृत होंगे।

सैन्य परिवार से ताल्लकु रखने वाले लेफ्टिनेंट जनरल शरीफ अपने शौर्य के लिए देश के प्रतिष्ठित निशान-ए-हैदर सम्मान हासिल करने वाले शब्बीर शरीफ के भाई हैं, जो 1971 में भारत के साथ युद्ध में मारे गए थे। कहा जाता है कि लेफ्टिनेंट जनरल शरीफ के पूर्व सेना प्रमुखों और शीषर्स्थ अधिकारियों के साथ ही लाहौर की सियासत में गहरा दखल रखने वालों से बहुत अच्छे ताल्लुकात हैं। उन्होंने मेजर जनरल के रूप में लाहौर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के तौर पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। उन्हें ऐसे वक्त में नियुक्त किया गया है जब पाकिस्तान के लिए काफी अहम समय है।

(Pic Courtesy: Dawn.com)

First Published: Wednesday, November 27, 2013, 15:12

comments powered by Disqus