Last Updated: Tuesday, December 17, 2013, 21:40

जूबा : दुनिया के सबसे नवीन राष्ट्र दक्षिण सूडान में कथित तौर पर तख्तापलट की कोशिश नाकाम होने के बाद राजधानी जूबा में राष्ट्रपति के प्रति वफादार सैनिकों और विद्रोहियों के बीच भीषण संघर्ष चल रहा है।
दक्षिण सूडान के स्वास्थ्य उप मंत्री माकुर कोरिओन ने कहा कि अब तक हिंसा में 26 लोग मारे गए। कम से कम 130 लोगों के घायल होने की भी खबर है।
इससे पहले राष्ट्रपति सेल्वा कीर ने ऐलान किया कि प्रतिद्वंद्वी बलों के साथ रात भर चली भीषण लड़ाई के बाद तख्तापलट करने की कोशिश नाकाम कर दी गई है।
राजनयिकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने सोमवार को बताया कि शहर में एक बैरक पर मध्यरात्रि से पहले संघर्ष छिड़ गया। इस दौरान भारी मशीन गनों और मोर्टार का इस्तेमाल किया गया।
संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि वह संघर्ष को लेकर काफी चिंतित है जिसके कारण हजारों भयभीत नागरिकों को संयुक्त राष्ट्र परिसर में शरण लेनी पड़ी है। राष्ट्रपति सेल्वा कीर ने इस संघर्ष के लिए जुलाई में सरकार से बर्खास्त किए गए पूर्व उपराष्ट्रपति रीक मेचार के वफादार बलों को दोषी ठहराया।
राष्ट्रपति ने टीवी पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपकी सरकार का जूबा में सुरक्षा स्थिति पर पूरा नियंत्रण है। हमलावर भाग गए हैं। मैं आपसे वादा करता हूं कि न्याय होगा।’’ (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 17, 2013, 21:11