थाईलैंड बस दुर्घटना में 32 लोगों की मौत : पुलिस

थाईलैंड बस दुर्घटना में 32 लोगों की मौत : पुलिस

बैंकाक : उत्तरी थाईलैंड में आज एक तेज रफ्तार बस के खाई में गिर जाने से कम से कम 32 लोगों की मौत हो गयी और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि यह बस खोन केन से च्यांग राय प्रांत की ओर जा रही थी और फेटाचबन जिले में एक पुल से टकरा कर 50 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गयी। पुलिस ने बताया कि इस बस में 40 लोग सवार थे। 27 शव बस में और अन्य शव बाहर से बरामद किये गये हैं।

गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया और उसमें एक की अस्पताल में मौत हो गयी। शेष तीन लोगों के बारे में तत्काल अभी जानकारी उपलब्ध नहीं है। यह हादसा ऐसे समय पर हुआ जब नववर्ष की छुट्टियों के मौके पर हजारों लोगों के यहां आने की उम्मीद रहती है।

थाईलैंड में सड़क दुर्घटनाओं का होना आम बात है। इससे पहले अक्तूबर में, बुजुर्ग बौद्ध श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक पर्यटक बस के खाई में गिर जाने के कारण कम से कम 20 लोगों की मौत हो गयी थी। यह घटना देश के उत्तरपूर्व में हुई थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 27, 2013, 16:45

comments powered by Disqus