Last Updated: Friday, April 18, 2014, 21:23
सियोल: दक्षिण कोरिया के उत्तरपश्चिमी तट के जलक्षेत्र में जहाज डूबने से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को 28 तक पहुंच गई है। जहाज मे 475 यात्री सवार थे। दक्षिण कोरियाई तटरक्षक और नौसेना के गोताखोरों ने जहाज डूबने के दो दिनों बाद शुक्रवार को डूबे हुए जहाज में प्रवेश करने में सफल रहे। गोताखोरों ने जहाज के भोजन कक्ष में प्रवेश कर लिया है।
दक्षिण कोरियाई तटरक्षक बल के प्रमुख किम सियोक क्यून ने संवाददाताओं को बताया कि बचे लोगों की तलाश करने के लिए गोताखोर शाम तीन बजे जहाज के रेस्त्रां और डिब्बों में जाएंगे।
समुद्री पुलिस और सेना के गोताखोरों ने 20 बार जहाज तक जाने की कोशिशें की लेकिन तेज धाराओं और पानी के अंदर कम दृश्यता और ऊंची लहरों के कारण वे असफल रहे । अभी तक कोई बचा यात्री नहीं मिला है।
दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। 28 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है और 268 लोग अभी भी लापता है। दुर्घटना में 179 लोग बचाए गए थे।
डूबे जहाज को पानी से निकालने के लिए शुक्रवार की सुबह तक तीन बड़े निस्तारण जहाज यहां पहुंच चुके हैं। इसमें एक महीने से ज्यादा समय लगने की संभावना है। खोज और बचाव अभियान के लिए तटरक्षक बल और नौसेना के कुल 535 गोताखोर और 31 हवाई जहाज और 173 जहाज काम पर लगे हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 18, 2014, 21:23