Last Updated: Monday, December 2, 2013, 15:13
सिडनी : हिम प्रदेश अंटार्कटिका में आस्ट्रेलिया का एक हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन व्यक्ति घायल हो गए और उनकी मदद के लिए वहां पहुंचे एक अन्य हेलीकाप्टर में सवार लोग अंटार्कटिका के सुदूर इलाके में फंस गए हैं और मदद का इंतजार कर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया सरकार के अंटार्कटिक प्रभाग ने कहा कि कल रात स्क्विरल हेलीकॉप्टर डेविस स्टेशन से 150 नॉटिकल मील की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे हेलीकाप्टर का चालक और दो यात्री घायल हो गए। यह विमान अमेरी आईस शेल्फ के निकट पेंग्विन कालोनी निगरानी अभियान से लौट रहा था।
इस हेलीकाप्टर के पीछे उड़ान भर रहा एक हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना मिलने पर तुंरत घायलों की मदद में जुट गया। इस विमान के यात्री और चालक इन लोगों की देखभाल कर रहे हैं और इन्हें राहत और चिकित्सीय मदद का इंतजार है।
एएडी ने कहा, घटना की प्रकृति और वातावरण की वजह से उनकी चोटों का गंभीरता से उपचार किया जा रहा है और आगे चिकित्सीय आकलन का इंतजार किया जा रहा है। बचावकर्मियों को उम्मीद है कि जल्द मौसम अच्छा हो जाएगा और राहत अभियान के लिए विमान संबद्ध इलाके की ओर उड़ान भर सकेगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 2, 2013, 15:13