Last Updated: Friday, December 20, 2013, 23:58
संयुक्त राष्ट्र/नई दिल्ली : दक्षिण सूडान में दो भारतीय शांति रक्षकों की उस वक्त मौत हो गई जब तकरीबन 2000 विद्रोहियों ने अशांत जोंगलेइ प्रांत में संयुक्त राष्ट्र अड्डे पर हमला कर दिया। नयी दिल्ली में भारतीय सेना मुख्यालय ने कहा कि इस घटना के बाद शेष भारतीय सैनिकों को मुक्त कराने के लिए उस इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेज दिया गया।
संयुक्त राष्ट्र ने एक बयान में कहा कि हम इसकी पुष्टि कर सकते हैं कि संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षण मिशन की भारतीय बटालियन के दो जवान मारे गए हैं। मिशन इसकी पुष्टि कर सकता है कि एक घायल भारतीय सैनिक को मलाकाल के अस्पताल में पहुंचाया गया है। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत अशोक मुखर्जी ने कल शाम शांतिरक्षण पर विश्व निकाय की एक बैठक में कहा कि तीन भारतीय सैनिकों की मौत हुई है, हालांकि बाद में स्पष्ट किया गया कि सिर्फ दो सैनिकों की मौत हुई।
शहीद भारतीय सैनिकों की पहचान सूबेदार केपी सिंह (आर्मी मेडिकल कोर) तथा सूबेदार धर्मेश सांगवान (2 राजपूताना राइफल्स) के रूप में हुई है। सिंह दिल्ली से सटे गुड़गांव और सांगवान हरियाणा के चरखी दादरी के रहने वाले हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 20, 2013, 23:58