Last Updated: Monday, May 12, 2014, 10:02

दोनेत्स्क (यूक्रेन) : रूस समर्थक विद्रोहियों ने रविवार को दावा किया कि पूर्वी यूक्रेन में बड़ी संख्या में लोगों ने विवादित जनमत संग्रह के दौरान अपनी स्वतंत्रता के पक्ष में मतदान किया। इस जनमत संग्रह को कीव और पश्चिमी देशों ने गैरकानूनी और ‘दिखावा’ करार देते हुए खारिज कर दिया।
विद्रोहियों के स्वयंभू चुनाव आयोग के मुताबिक, दोनेत्स्क प्रांत में कुल 89 फीसदी मतदाताओं ने स्व-शासन के पक्ष में मतदान किया। यह प्रांत उन दो क्षेत्रों में से एक है जहां ‘जनमत संग्रह’ कराया गया था। आयोग के प्रमुख रोमन लेगिन ने दोनेत्स्क प्रांत में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दस फीसदी लोगों ने इसके खिलाफ मतदान किया।
मतदान बंद होने के दो घंटे के अंदर ही उन्होंने कहा, ‘इन्हें अंतिम नतीजों के तौर पर माना जा सकता है।’ ऐसा ही जनमत संग्रह लूगान्स्क प्रांत में भी हुआ था जहां से तत्काल परिणाम के बारे में कुछ पता नहीं चला है। लेकिन समझा जाता है कि यहां भी स्वतंत्रता के लिए मतदान दोनेत्स्क के समान ही हुआ होगा। यूक्रेन की कुल जनसंख्या 4.6 करोड़ है जिसमें से 70 लाख लोग इन्हीं दोनों क्षेत्रों में ही रहते हैं।
पश्चिमी देशों को आशंका है कि इस विवादित मतदान से, पूर्व सोवियत गणराज्य के टूटने की रफ्तार बढ़ सकती है और यूरोप के पूर्वी हिस्से में गृह युद्ध छिड़ सकता है।
यूक्रेन को लेकर तनाव के चलते पूर्वी और पश्चिमी देशों के संबंधों पर असर पड़ा है। शीत युद्ध के बाद से अब तक ऐसा नहीं देखा गया था। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 12, 2014, 10:02