Last Updated: Saturday, January 18, 2014, 15:44

काबुल : अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शुक्रवार रात एक रेस्तरां पर तालिबान आतंवादियों द्वारा किए गए हमले में 13 विदेशी नागरिकों और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के एक प्रतिनिधि सहित कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है। शनिवार को काबुल के पुलिस प्रमुख ने यह जानकारी दी। पुलिस प्रमुख जनरल मोहम्मद जहीर ने मीडिया को बताया, "शुक्रवार को काबुल के लेबनानी रेस्तरां पर हुए हमले में 13 विदेशी नागरिकों सहित 21 व्यक्तियों की मौत हो गई।"
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, जहीर ने बताया कि हमले में एक अफगानी महिला और चार विदेशी महिलाओं की मौत हो गई। कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं। इस बीच, काबुल में संयुक्त राष्ट्र मिशन कार्यालय ने बताया कि हमले में आईएमएफ के देश के प्रतिनिधि सहित, चार यूएन अधिकारी मारे गए हैं।
शुक्रवार शाम, काबुल के राजनयिक क्षेत्र वजीर अकबर खान में मार्ग संख्या 14 पर स्थित दो मंजिली रेस्तरां में तीन तालिबानी आत्मघाती हमलावरों ने हमला किया और गोलीबारी शुरू कर दी। एक आत्मघाती हमलावर ने रेस्तरां के प्रवेशद्वार पर अपने को उड़ा दिया ताकि अन्य दो हमलावर रेस्तरां में घुस सकें और पर्यटकों पर गोलीबारे करें।
यूएन के एक बयान में कहा गया है, "अन्य अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के सदस्यों के साथ, कम से कम चार यूएन कर्मचारियों की मौत की पुष्टि हुई है।" काबुल पुलिस ने बताया कि शाम 7.15 बजे के आसपास हुए इस हमले में कनाडा, रूस और यूरोपीय संघ के देशों के नागरिक भी मारे गए हैं। तालिबान आतंकवादी समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
अफगान रेस्त्रां पर हमले की बान ने की निंदासंयुक्त राष्ट्र प्रमुख बान की मून ने आज अफगानिस्तान के एक रेस्त्रां में हुए आतंकी हमले की जोरदार तरीके से निंदा की। इस हमले में एक संयुक्त राष्ट्र कर्मी सहित 21 लोगों की मौत हो गई थी। प्रवक्ता द्वारा जारी बयान के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कल मध्य काबुल के रेस्त्रां में हुए ‘‘भीषण हमले की जोरदार तरीके से निंदा’’ की है।
बयान के अनुसार, ‘‘नागरिकों को लक्षित कर किए जाने वाले इस तरह के हमले पूर्ण रूप से अस्वीकार्य हैं और यह अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून का स्पष्ट उल्लंघन है।’’ संयुक्त राष्ट्र कर्मी के अलावा एक आईएमएफ प्रतिनिधि और अन्य विदेशी नागरिकों की भी इस हमले में मृत्यु हुई। तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
प्रेस को जारी बयान में शक्तिशाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एक बार फिर अफगानिस्तान में तालिबान, अलकायदा और गैरकानूनी हथियारबंद समूहों के स्थानीय लोगों, राष्ट्रीय सुरक्षा बलों और अंतरराष्ट्रीय सेना सहित अंतरराष्ट्रीय सहायता प्रयासें के लिए खतरों को लेकर गहरी चिंता जताई है।(एजेंसी)
First Published: Saturday, January 18, 2014, 15:34