Last Updated: Thursday, March 27, 2014, 12:30

पर्थ : दुर्घटनाग्रस्त मलेशियाई विमान के मलबे की खोज के लिए आस्ट्रेलिया के नेतृत्व में तलाशी अभियान गुरुवार को फिर शुरू हो गया। छह सैन्य विमान, पांच नागरिक विमान और पांच जहाज दक्षिणी हिंद महासागर में मलबे की तलाश कर रहे हैं।
18 दिन पहले लापता हुए मलेशिया एयरलाइंस उड़ान एमएच 370 के बहुराष्ट्रीय तलाश अभियान के दौरान कल उस समय अब तक का ‘ सबसे विश्वसनीय’ सबूत मिला जब फ्रांस के उपग्रहों ने दूरस्थ दक्षिणी हिंद महासागर में 122 वस्तुएं देखीं।
आस्ट्रेलियाई समुद्री सुरक्षा प्राधिकरण (एएमएसए) ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि विमान के मलबे की खोज संबंधी गतिविधियों में आज कुल 11 विमान और पांच जहाज शामिल होंगे। दो रॉयल आस्ट्रेलियन एयर फोर्स एपी-3सी ओरियन, एक चीनी इलयुशिन आईएल-76, एक जापानी गल्फस्ट्रीम विमान, अमेरिकी नौसेना का एक पी-8 पोसीडोन और एक जापानी पी-3 ओरियन के दिन भर उड़ान भरने की संभावना है। पर्थ से आज सुबह आठ बजे (स्थानीय समयानुसार) चीनी इलयुशिन ने सबसे पहले तलाशी इलाके के लिए उड़ान भरी। जारी
एएमएसए ने बताया कि दो आरएएएफ एपी-3सी ओरियन विमान भी मध्याह्न से पहले तलाशी अभियानों में शामिल होंगे। पांच असैन्य विमान सुबह साढ़े नौ से 11 बजे (स्थानीय समयानुसार) के बीच रवाना होंगे और विमान पर सवार 34 आपात वालंटियर फिर से हवाई पर्यवेक्षक होंगे।
अत्यंत लंबी दूरी की क्षमता वाला एक जापान कोस्ट गार्ड विमान, अमेरिकी नौसेना का एक पी 8 पोसीडोन और जापान का एक पी3 ओरियन भी अभियान के लिए उड़ान भरेगा। इस बीच तलाशी इलाके में मौसम के आज बाद में खराब होने की आशंका है। एएमएसए ने बताया कि विमान को कल तीन वस्तुएं मिली थीं लेकिन उन्हें स्थानांतरित करना संभव नहीं होगा। ये वस्तुएं एमएमएस को मिले उपग्रह के विश्वसीय चित्रों से संबंधित नहीं हैं। मलेशिया ने घोषणा की थी कि बोइंग 777-200 दक्षिणी हिंद महासागर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और इसमें सवार कोई यात्री जीवित नहीं बचा है। फ्रांस द्वारा उपलब्ध कराये गये नये उपग्रह चित्रों में दक्षिण हिंद महासागर में पर्थ से करीब 2,557 किलोमीटर दूर 122 महत्वपूर्ण वस्तुएं दिखाई दी हैं। ये वस्तुएं आकार में 1 मीटर से 23 मीटर तक की हैं।
मलेशिया एयरलाइंस का विमान कुआलालम्पुर से बीजिंग के लिए उड़ान भरने के कुछ देर बाद लापता हो गया था। इसमें पांच भारतीय, एक भारतीय-कनाडाई और 154 चीनी नागरिकों समेत 239 लोग सवार थे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 27, 2014, 12:30