Last Updated: Friday, August 5, 2011, 10:57

देश के शेयर बाजारों में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन गिरावट दर्ज की गई. प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 387.31 अंकों की गिरावट के साथ 17,305.87 पर और निफ्टी 120.55 अंकों की गिरावट के साथ 5,211.25 पर बंद हुए.
अमेरिका के फिर मंदी की चपेट में आने और यूरोपीय सम्प्रभु कर्ज संकट के कुछ और देशों में फैल जाने की आशंका से गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में जबरदस्त बिकवाली देखी गई, जिसके प्रभाव से शुक्रवार को एशियाई और यूरोपीय शेयर बाजारों में भी गिरावट दर्ज की गई.
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 342.55 अंकों की गिरावट के साथ 17,350.37 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी 144.95 अंकों की गिरावट के साथ 5,186.85 पर खुला.
दोपहर के कारोबार में सेंसेक्स 700 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ 16,990.91 के निचले स्तर तक पहुंच गया, जिसमें बाद में सुधार हुआ.
बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गिरावट दर्ज की गई. मिडकैप 145.31 अंकों की गिरावट के साथ 6,588.85 पर और स्मॉलकैप 248.00 अंकों की गिरावट के साथ 7,815.05 पर बंद हुए.
एशिया के अन्य बाजारों में भी गिरावट रही. जापान का निक्के ई सूचकांक 3.72 फीसदी की गिरावट के साथ 9,299.88 पर, चीन का शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स 2.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,626.42 पर और हांगकांग का हैंग सैंग 4.29 फीसदी गिरावट के साथ 20,946.14 पर बंद हुआ.
First Published: Friday, August 5, 2011, 16:27