500 अरब डालर का निर्यात लक्ष्य मुश्किल

500 अरब डालर का निर्यात लक्ष्य मुश्किल

नई दिल्ली : अमेरिका और यूरोप जैसे वैश्विक बाजारों में मांग कम होने के कारण 2013-14 के लिए तय देश का 500 अरब डालर का निर्यात लक्ष्य हासिल हो पाना मुश्किल है।

उद्योग मंडल एसोचैम ने कहा, ‘वैश्विक नरमी के मद्देनजर 2013-14 तक 500 अरब डालर का महत्वाकांक्षी लक्ष्य प्राप्त कर पाना लगभग असंभव है।’ अप्रैल से फरवरी 2012-13 के दौरान भारत का निर्यात चार प्रतिशत घटकर 265.95 अरब डालर रह गया। उक्त 11 महीने के दौरान आयात सिर्फ 0.25 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 448 अरब डालर हो गया जिससे व्यापार घाटा 182.1 अरब डालर पर पहुंच गया। बीते वित्त वर्ष में देश का निर्यात करीब 306 अरब डालर होने की उम्मीद है और व्यापार घाटा बढ़कर 193 अरब डालर से 196 अरब डालर के बीच हो सकता है।

एसोचैम ने कहा कि यूरोप में आर्थिक नरमी बरकरार रहने के कारण यहां मांग प्रभावित हो रही है इसलिए विश्व व्यापार संगठन ने भी 2013 में विश्व व्यापार में सिर्फ 3.3 फीसद वृद्धि का अनुमान जाहिर किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक व्यापार में नरमी के कारण भारत के लिए चालू खाते के बढ़ते घाटे से जुड़ी समस्या से निपटना मुश्किल होगा। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 14, 2013, 12:59

comments powered by Disqus