AI पायलटों ने 58 दिन पुरानी हड़ताल खत्म की

AI पायलटों ने 58 दिन पुरानी हड़ताल खत्म की

AI पायलटों ने 58 दिन पुरानी हड़ताल खत्म कीनई दिल्ली: पिछले 58 दिनों से चली आ रही हड़ताल को एयर इंडिया के पायलटों ने खत्म कर दिया है। वरिष्ठ अधिवक्ता गीता लूथरा ने पायलटों की ओर से न्यायमूर्ति रेवा खेत्रपाल को बताया कि पायलट तुरंत अपनी हड़ताल समाप्त कर लेंगे और काम पर लौट जाएंगे। पायलटों ने कहा था कि 48 घंटे के भीतर गुरुवार दोपहर के आसपास हड़ताल वापस ले लेंगे।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अजित सिंह ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "उच्च न्यायालय के आदेश से सरकार के रुख की पुष्टि हुई है कि पायलटों को बिना शर्त हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटना चाहिए। सरकार पायलट समेत एयर इंडिया के कर्मचारियों के कल्याण के प्रतिबद्ध है।"

पायलटों की हड़ताल से एयर इंडिया को 615 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि पूर्वी एशिया तथा मध्य-पूर्व जाने वाले हजारों यात्री प्रभावित हुए। देश के उड्डयन इतिहास में यह दूसरी सबसे बड़ी हड़ताल थी।

एयर इंडिया प्रबंधन के सामने अपनी 14 मांगें रखने वाले पायलट अब हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए अपने 101 सहकर्मियों को बहाल करने तथा अपने संघ 'इंडियन पायलट्स गिल्ड' (आईपीजी) को मान्यता देने की मांग कर रहे हैं। पायलटों ने कहा कि मुख्य श्रम आयुक्त इन मुद्दों पर विचार करेगा।

हड़ताल समाप्त करने का पायलटों का निर्णय अदालत में एयर इंडिया प्रबंधन के इस आश्वासन पर आया कि वह पायलटों की शिकायतों पर 'सहानुभूतिपूर्वक' विचार करेगा।

पूर्ववर्ती इंडियन एयरलाइंस के पायलटों को बोइंग-787 उड़ाने का प्रशिक्षण दिए जाने से नाराज एयर इंडिया के 440 पायलट आठ मई को हड़ताल पर चले गए थे। इंडियन एयरलाइंस और एयर इंडिया का विलय वर्ष 2007 में हुआ था।

हड़ताली पायलटों ने 24 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी। अनशन कर रहे 11 में से पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

आईपीजी के सदस्यों ने सोमवार को इस शर्त के साथ न्यायालय का रुख किया था कि यदि एयर इंडिया प्रबंधन मानवीय दृष्टि से इस मामले पर विचार और उनकी शिकायतों पर गौर करता है तो वे काम पर लौटने के लिए तैयार हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, July 3, 2012, 23:34

comments powered by Disqus