Last Updated: Tuesday, October 9, 2012, 20:45

नई दिल्ली : सरकार ने डीजल के दाम और बढ़ाए जाने की संभावना से मंगलवार को इंकार किया। सरकार ने यह भी कहा है कि नए गैस कनेक्शन देने पर कोई रोक नहीं है, लेकिन जहां कहीं एक से अधिक गैस कनेक्शन हैं उसकी जांच होगी।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री एस. जयपाल रेड्डी ने डीजल में और मूल्यवृद्धि के सवाल पर कहा, मैं इतना साहसी नहीं हूं। उनसे पूछा गया था कि चालू वित्त वर्ष के दौरान डीजल, मिट्टी तेल और रसोई गैस सिलेंडर की लागत से कम दाम पर बिक्री से तेल कंपनियों को 1,67,000 करोड़ रुपए के नुकसान को देखते हुए क्या सरकार डीजल के दाम और बढ़ा सकती है।
रेड्डी ने काफी गंभीरता के साथ जवाब देते हुए कहा कि वह इतने साहसी नहीं है। सरकार ने पिछले महीने ही डीजल के दाम में पांच रुपए लीटर की वृद्धि की है। इसके साथ ही सस्ते सिलेंडर की आपूर्ति भी एक साल में छह सिलेंडर पर सीमित कर दी। जरूरत पड़ने पर उपभोक्ता को इससे अधिक सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदने होंगे। घरेलू गैस सिलेंडर का बाजार मूल्य सब्सिडी पर मिलने वाले सिलेंडर के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है।
रेड्डी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष के बाकी बचे महीनों में सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को सब्सिडी वाले तीन सिलेंडर दिए जाएंगे। इससे अधिक सिलेंडर की आपूर्ति बाजार मूल्य पर की जाएगी। उन्होंने कहा, बाजार मूल्य पर मिलने वाले सिलेंडर का दाम हर महीने अंतरराष्ट्रीय मूल्य के औसत के हिसाब से तेल कंपनियां तय करेंगी। सस्ते सीमित सिलेंडर आपूर्ति की नई प्रणाली अक्तूबर 2012 से लागू हो गई है।
रेड्डी ने कहा हाल की मूल्यवृद्धि के बावजूद तेल कंपनियों को चालू वित्त वर्ष के दौरान 1,67,415 करोड़ रुपए की कम वसूली (अंडररिकवरी) रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि देश में रिकार्ड 14.20 करोड़ एलपीजी ग्राहक पोर्टल में दर्ज हैं। देश में दैनिक 33 लाख एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है।
तेल कंपनियों को वर्तमान में प्रति लीटर डीजल बिक्री पर 11.65 रुपए का नुकसान हो रहा है। राशन में बिकने वाले मिट्टी तेल पर वह 33.93 रुपए और 14.2 किलो के घरेलू इस्तेमाल वाले सस्ती दर वाले गैस सिलेंडर पर 468.50 रुपए का नुकसान उठा रही हैं।
यहां तक कि पेट्रोल की बिक्री पर भी तेल कंपनियों को इस साल अब तक 2,600 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। पेट्रोल के दाम सरकार दो साल पहले ही नियंत्रणमुक्त कर चुकी है, बावजूद इसके कंपनियां पेट्रोल पर भी नुकसान उठा रही हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, October 9, 2012, 20:40