Last Updated: Monday, December 10, 2012, 15:46
नई दिल्ली : वाहनों का मेला अब परंपरागत गंतव्य प्रगति मैदान के बजाय ग्रेटर नोएडा में लगेगा। वाहनों की द्विवार्षिक प्रदर्शनी ‘ऑटो एक्सपो’ के अगले संस्करण का आयोजन 6 से 12 फरवरी, 2014 को ग्रेटर नोएडा में होगा।
वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने आज कहा कि आयोजन स्थल में बदलाव की वजह डेट्रायट ऑटो शो से टकराव से बचना और इसके साथ ही प्रगति मैदान उपलब्ध न होना है। परंपरागत रूप से आटो एक्सपो जनवरी के पहले सप्ताह में शुरू होता है।
सियाम के महानिदेशक विष्णु माथुर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगले आटो एक्सपो में हम ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर और मार्ट में सिर्फ वाहन और एक्सेसरीज प्रदर्शित करेंगे।’’ यह पूछे जाने पर कि गंतव्य के बदलाव की वजह क्या है, माथुर ने कहा कि कई वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का कहना था कि वे डेट्रायट आटो शो में व्यस्त होने की वजह से यहां नहीं आ पाएंगे। ऐसे में हमने आटो एक्सपो का आयोजन फरवरी में करने का फैसला किया। वाहन कलपुजरें की प्रदर्शनी का आयोजन एक अलग स्थान पर किया जाएगा। इसके लिए अभी जगह का चयन किया जा रहा है।
माथुर ने कहा कि प्रगति मैदान फरवरी, 2014 में उपलब्ध नहीं है। इस वजह से भी हम ग्रेटर नोएडा जा रहे हैं। सियाम के उप महानिदेशक सुगातो सेन ने कहा कि जगह के हिसाब से आटो एक्सपो 2014 कहीं बड़ा होगा। सेन ने कहा कि कुल 50,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में कंपनियां अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। इस साल आयोजित आटो एक्सपो में 40,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में यह मेला लगा था। वाहनों के मेले से पहले परीक्षण के तौर पर सियाम द्वारा ग्रेटर नोएडा में 15 से 18 फरवरी, 2013 में बस एवं यूटिलिटी वाहन शो का आयोजन किया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 10, 2012, 15:46