अब पेट्रोल पंप पर मिलेंगे एलपीजी के सिलेंडर

अब पेट्रोल पंप पर मिलेंगे एलपीजी के सिलेंडर

नई दिल्ली : देश के महानगरों में कुछ चुने हुए पेट्रोल पंपों पर अब खाना पकाने का गैस सिलेंडर उपलब्ध होगा। पेट्रोलियम मंत्रालय ने इन खुदरा बिक्री केन्द्रों पर 5 किलो का गैस सिलेंडर बेचने की अनुमति दे दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी कनेक्शन की एजेंसी बदलने के लिये पोर्टेबिलिटी की भी शुरुआत की है। उपभोक्ता यह काम कंप्यूटर का बटन दबाकर कर सकते हैं।

मंत्रालय की यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार 5 किलो का एलपीजी सिलेंडर अब देश के महानगरों में कंपनी द्वारा खुद चलाये जाने वाले पेट्रोल पंपों (कोको पंप) पर उपलब्ध होंगे। देशभर में इस तरह के कंपनी द्वारा खुद संचालित पेट्रोल पंपों की संख्या मात्र तीन प्रतिशत है। देश में कुल 47,000 पेट्रोल पंप हैं।

ये सिलेंडर बाजार मूल्य पर बेचे जाएंगे। 14.2 किलो के घरेलू उपयोग वाले सिलंेडर का दाम इसके सब्सिडीयुक्त मूल्य 410 रुपये की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। पेट्रोलियम एवं पाकृतिक गैस मंत्री एम. वीरप्पा मोइली 5 अक्तूबर को बैंगलुरु में 5 किलो के सिलेंडर की बिक्री की शुरुआत करेंगे। इस प्रकार के सिलेंडर की बिक्री शुरू में कंपनियों के पेट्रोल पंप पर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और बैंगलुरु तक ही सीमित रहेगी। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, October 2, 2013, 16:33

comments powered by Disqus