Last Updated: Thursday, August 29, 2013, 23:10

मुंबई : रुपये में पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी गिरावट का सिलसिला आज रक गया। रिजर्व बैंक द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों के लिए विशेष डालर खरीद सुविधा शुरू किए जाने से डालर के मुकाबले रुपया 225 पैसे की बढ़त के साथ 66.55 प्रति डालर पर पहुंच गया। वहीं बंबई शेयर बाजार के सेंसेक्स ने भी 405 अंक की लंबी छलांग लगाई।
कल रुपया 68.80 प्रति डालर के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था, जिसके बाद रिजर्व बैंक ने तीनों सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों को सीधे डालर की खरीद करने की अनुमति दी थी। रुपये में गिरावट पर लगाम के लिए रिजर्व बैंक द्वारा लगातार उपाय किए जा रहे हैं।
पेट्रोलियम कंपनियों को हर महीने 75 लाख टन कच्चा तेल आयात करने के लिए प्रति माह औसतन 8.5 अरब डालर की जरूरत होती है। इस नई सुविधा के बाद हाजिर बाजार में डालर की मांग कम करने में मदद मिलेगी। रुपया आज 66.51 प्रति डालर तक मजबूत होने के बाद अंत में 225 पैसे या 3.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 66.55 प्रति डालर पर बंद हुआ। यह पिछले 15 साल में रपये की एक दिन सबसे बड़ी बढ़त है।
फेडरल बैंक के अध्यक्ष (ट्रेजरी) आशुतोष खजुरिया ने कहा कि रिजर्व बैंक की तेल कंपनियों के लिए अलग अदला-बदली खिड़की से रुपये को मदद मिली। रुपये में कुछ अधिक गिरावट आ गई थी। रुपये में सुधार के बाद सेंसेक्स की 405 अंक चढ़ गया। यह एक सप्ताह में इसकी सबसे बड़ी बढ़त है। निवेशकों की पूंजी इस बढ़ोतरी के बाद एक लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। (एजेंसी)
First Published: Thursday, August 29, 2013, 23:10