Last Updated: Monday, August 20, 2012, 14:03

चेन्नई : हिंदुजा समूह की कंपनी अशोक लेलैंड इस साल नैपच्यून इंजन पेश करेगी। नैपच्यून इंजन दुनियाभर में कम खर्च में परिचालन के लिए मानक माना जाता है। अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक विनोद के. दसारी ने कहा कि इसे (नैपच्यून) इसी साल लांच किया जाएगा।
दसारी ने बताया कि कंपनी ने देश में ही विकसित इस इंजन का 3 लाख किलोमीटर से अधिक का फील्ड परीक्षण पूरा कर लिया है और बाजार में इसे इसी साल लांच किया जाएगा। हम उचित समय पर इसे उतारेंगे। अत्याधुनिक नैपच्यून इंजन कंपनी के ‘यू.ट्रक’ प्लेटफार्म में प्रदर्शित किया जाएगा। कंपनी ने इसे एवीएल. एक आस्ट्रियाई पावरट्रेन एवं कंबशन विशेषज्ञ डिजाइन हाउस के सहयोग से विकसित किया है। यह 160 से 380 हार्सपावर के रेंज में उपलब्ध होगा और साथ ही यह पूरी तरह सीआरएस इलेक्ट्रानिक है।
अशोक लेलैंड ने चालू वित्त वर्ष में 1.10 लाख वाहनों की बिक्री का लक्ष्य रखा है और उसकी योजना इसका उत्पादन बढ़ाने की है। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष में 94,397 वाहनों की बिक्री की थी। अप्रैल-जून 2012 में कंपनी की कुल वाहन बिक्री 42.59 प्रतिशत बढ़कर 27,487 वाहनों की रही जिसमें 2,904 वाहनों का निर्यात शामिल है। बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि में कंपनी ने 19,277 वाहनों की बिक्री की थी। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 20, 2012, 14:03