एडीबी ने भारत की आर्थिक वृद्धि के अनुमान को कम किया

एडीबी ने भारत की आर्थिक वृद्धि के अनुमान को कम किया

नई दिल्ली: एशियाई विकास बैंक ने चालू वित्त वर्ष में भारत के लिये आर्थिक वृद्धि का अनुमान घटाकर 5.4 प्रतिशत कर दिया है। दो महीने पहले ही एडीबी ने 5.6 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जताया था।

एडीबी ने ‘एशियाई विकास परिदृश्य’ 2012 में कहा है, ‘‘वित्त वर्ष 2012-13 के लिये भारत की आर्थिक वृद्धि के अनुमान को 5.6 प्रतिशत से कम कर 5.4 प्रतिशत कर दिया गया है। वित्त वर्ष 2013-14 के लिये इसके 6.7 प्रतिशत से घटाकर 6.5 प्रतिशत कर दिया गया है।’ यह चौथा मौका है जब बैंक ने भारत के मामले में आर्थिक वृद्धि के अनुमान को घटाया है।

इससे पहले, अप्रैल में जारी एडीओ में एडीबी ने भारत की आर्थिक वृद्धि 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था लेकिन जुलाई में इसे कम कर 6.5 प्रतिशत कर दिया था। बाद में अक्तूबर में वैश्विक मांग में कमी तथा मानसून में देरी के कारण कृषि पर पड़ने वाले प्रभाव का हवाला देते हुए इसे और कम कर 5.6 प्रतिशत कर दिया गया।

विकासशील एशिया के संदर्भ में एडीबी ने 2012 के आर्थिक वृद्धि के अनुमान को मामूली रूप से कम कर 6.0 प्रतिशत कर दिया। पहले इसके 6.1 प्रतिशत रहने की बात कही गयी थी। साथ ही 2013 के वृद्धि परिदृश्य को 6.7 प्रतिशत से कम कर 6.6 प्रतिशत किया गया। विकासशील एशिया में 45 देश हैं।

एडीबी ने कहा कि विकासशील एशिया में वृद्धि अबतक धीमी रही है। हालांकि 2013 में क्षेत्र में तेजी आने की संभावना है।

घरेलू और वैश्विक कारणों से देश की आर्थिक वृद्धि हाल के वर्ष में धीमी हुई है। वित्त वर्ष 2011-12 में आर्थिक वृद्धि घटकर 6.5 प्रतिशत पर आ गयी जो नौ साल का निम्न स्तर है। रिजर्व बैंक के अनुसार चालू वित्त वर्ष में इसके 5.8 प्रतिशत रहने का अनुमान है। (एजेंसी)

First Published: Friday, December 7, 2012, 21:03

comments powered by Disqus