Last Updated: Tuesday, June 26, 2012, 20:11

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय रूट पर अस्थायी तौर पर बंद की गई उड़ानों को बहाल करने की दिशा में एयर इंडिया ने शंघाई होकर तोक्यो के लिए उड़ान सेवाओं को बहाल कर दिया है।
कंपनी की योजना हांगकांग के लिए उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने की है। पायलटों की हड़ताल के चलते इस रूट पर भी कंपनी ने उड़ान सेवाएं स्थगित कर दी थी। पायलटों की हड़ताल का मंगलवार को 50वां दिन है।
करियर में तरक्की से जुड़ी मांग को लेकर दिल्ली और मुंबई में पायलटों की भूख हड़ताल का मंगलवार को तीसरा दिन है। एयर इंडिया के अधिकारियों ने कहा कि हांगकांग के लिए बुकिंग पहले ही शुरू कर दी गई और इस रूट पर उड़ान सेवाएं 7 जुलाई को शुरू होंगी। हांगकांग को एयरबस ए-319 विमान से जोड़े जाने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि करीब 400 पायलटों द्वारा की जा रही हड़ताल को नजरअंदाज करते हुए कंपनी कुआलालंपुर के लिए एक नयी उड़ान सेवा शुरू करने व सोल.ओसाका परिचालन को अगस्त में बहाल करने की योजनाओं के साथ आगे बढ़ रही है।
एयर इंडिया सितंबर के अंत तक आस्ट्रेलिया के लिए उड़ान सेवा शुरू करेगी। इन सेवाओं के लिए और पायलटों की भर्ती की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि कम उड़ानों के साथ न्यूयार्क, लंदन, पेरिस और फ्रैंकफर्ट जैसे स्थानों पर उड़ान सेवाएं जारी हैं।
अधिकारियों ने कहा, ‘ हम और पायलटों के आने के साथ अपना परिचालन बढ़ाना जारी रखेंगे। हम हड़ताल के चलते बेकार बैठे नहीं रह सकते। हमें अपना वैश्विक परिचालन घटाना पड़ा, लेकिन हमने इसे जारी रखा। हम एक एक कदम बढ़ाते हुए अपने नेटवर्क को बहाल करना जारी रखेंगे।’ उन्होंने कहा कि एयर इंडिया के 27 स्थानों का संपूर्ण वैश्विक नेटवर्क न केवल बहाल कर लिया जाएगा, बल्कि इनका विस्तार भी किया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, June 26, 2012, 20:11