कारों की बिक्री 10 साल में भारी गिरावट - Zee News हिंदी

कारों की बिक्री 10 साल में भारी गिरावट




नई दिल्ली : पेट्रोल की कीमतें बढ़ने और कर्ज महंगा होने का असर कारों की बिक्री पर साफ दिखने लगा है। वहीं, देश की प्रमुख कार कंपनी मारुति सुजुकी में हड़ताल ने आग में घी डालने का काम किया है। अक्टूबर में घरेलू बाजार में कारों की बिक्री 23.77 प्रतिशत घटकर 1,38,521 इकाइयों की रही, जो 10 साल में सबसे तेज गिरावट है। अक्टूबर, 2010 में देश में 1,81,704 कारें बिकी थीं।

 

साल दर साल आधार पर जुलाई से यह लगातार चौथा महीना है जब कारों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। कार विनिर्माताओं के संगठन सियाम के महानिदेशक विष्णु माथुर ने यहां संवाददाताओं को बताया,  दिसंबर, 2000 के बाद से यह सबसे तेज गिरावट है। दिसंबर, 2010 में कारों की बिक्री 39.86 प्रतिशत घटी थी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन के चलते उद्योग बिक्री बढ़ने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

 

माथुर ने कहा, बिक्री में गिरावट की मुख्य वजह उंची ब्याज दरें एवं ईंधन मूल्य वृद्धि के अलावा मारुति सुजुकी की बिक्री में तेज गिरावट है। मारुति सुजुकी इंडिया अपने मानेसर संयंत्र में इस साल जुलाई से ही श्रमिक समस्याओं का सामना कर रही है जिससे उसे तीन अलग अलग मौकों पर या तो उत्पादन पूरी तरह बंद करना पड़ा या उत्पादन को काफी सीमित करना पड़ा।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 9, 2011, 16:08

comments powered by Disqus