कारोबार विस्तार के लिए हिंदुजा ग्रुप की निगाह अफ्रीका पर

कारोबार विस्तार के लिए हिंदुजा ग्रुप की निगाह अफ्रीका पर

कारोबार विस्तार के लिए हिंदुजा ग्रुप की निगाह अफ्रीका परदावोस : वैश्विक कारोबार समूह हिंदुजा की योजना अफ्रीका में अपनी मौजूदगी के विस्तार की योजना है। समूह की योजना परिवहन से लेकर बुनियादी ढांचा और कोयला क्षेत्र में विस्तार की है। कंपनी ने कहा है कि वह इस क्षेत्र में विस्तार के लिए विभिन्न अफ्रीकी देशों की सरकारों के साथ भागीदारी की योजना बना रही है।

अरबपति हिंदुजा भाइयों द्वारा संचालित ब्रिटेन के इस समूह की पहले से ही भारत सहित कई देशों में मौजूदगी है। समूह का सालाना कारोबार 25 अरब डालर का है और यह बैंकिंग, वाहन, उर्जा, प्रौद्योगिकी तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत है।

समूह के सह चेयरमैन गोपीचंद हिंदुजा ने कहा, ‘‘हम अफ्रीकी देशों में उल्लेखनीय विस्तार की योजना बना रहे हैं। हम केन्या और पूर्वी अफ्रीकी में कारोबारी हब बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका, तन्जानिया और नाइजीरिया में मौजूदा कारोबार के विस्तार की तैयारी में हैं।’’ गोपीचंद और उनके भाई प्रकाश हिंदुजा यहां विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की सालाना बैठक में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अफ्रीकी देशों की सरकारों के प्रमुखों और अधिकारियों के साथ बैठक में अपनी कारोबारी योजनाओं की चर्चा की।

प्रकाश हिंदुजा ने कहा कि समूह का इरादा लातिनी अमेरिकी देशांे में भी विस्तार का है साथ ही यह भारत में भी विस्तार करेगा। समूह ने पूर्व में भारत में पांच साल के दौरान 30 अरब डालर के निवेश की घोषणा की है।

भारत में हिंदुजा समूह की इकाइयों में बैंकिंग कंपनी इंडसइंड बैंक, लुब्रिकेंट तथा स्पेशियल्टी रसायन कंपनी गल्फ आयल तथा वाणिज्यिक वाहन कंपनी अशोक लेलैंड हैं। उन्होंने कहा कि अफ्रीका में बहुत कुछ किया जाना है। लेकिन फिलहाल हम अपनी मौजूदा ताकत पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। समूह का इरादा वहां परिवहन, वाहन, लुब्रिकेंट, बुनियादी ढांचा और कोयला क्षेत्रों पर है।

गोपीचंद हिंदुजा ने कहा कि हम विभिन्न अफ्रीकी देशों की सरकार के साथ भागीदारी पर विचार कर रहे हैं। वहां हम पीपीपी मॉडल अपनाएंगे। प्रकाश ने कहा कि दोनों भाइयों ने यहां दक्षिण अफ्रीका, केन्या तथा नाइजीरिया की सरकारों के प्रमुखों से मुलाकात की। उन्होंने इन देशों में कारोबार की संभावनाओं पर बातचीत की। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 28, 2013, 11:18

comments powered by Disqus