Last Updated: Monday, October 22, 2012, 18:45

मुंबई/नई दिल्ली : किंगफिशर एयरलाइंस ने अपने हड़ताली कर्मचारियों के साथ 23 दिन से चल रहे गतिरोध को दूर करने के लिए सोमवार को नई कोशिश की। इसके तहत कंपनी ने दिवाली से पहले कर्मचारियों को तीन किस्तों में बकाया वेतन देने की पेशकश की है।
हालांकि, हड़ताली कर्मचारी लिखित आश्वासन पर जोर दे रहे हैं क्योंकि उनका आरोप है कि पूर्व में प्रबंधन अपनी कही बातों से मुकर चुका है।
मुंबई स्थित किंगफिशर हाउस में प्रबंधन तथा कर्मचारियों के बीच बैठक में यह प्रस्ताव पेश किया गया। कर्मचारी काम शुरू करने से पहले सात महीनों के बकाया वेतन में से कम-से-कम चार महीने का वेतन देने की मांग कर रहे हैं।
बैठक में भाग लेने वाले एक पायलट ने कहा, इस संबंध में प्रबंधन की तरफ से कोई लिखित पत्र नहीं मिला है। हमें इस प्रकार की पेशकश के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पायलट से यह पूछा गया था कि क्या प्रबंधन ने नवंबर में दिवाली से पहले दो-तीन किस्तों में बकाया वेतन का भुगतान करने की पेशकश की है।
उसने कहा, हम उनकी बातों पर विश्वास नहीं कर सकते। वे पूर्व में अपनी कही बातों से पीछे हट चुके हैं। हमें स्पष्ट तौर पर लिखित आश्वासन चाहिए। हालांकि, एयरलाइन सूत्रों ने कहा कि आज की बैठक में कर्मचारियों को यह पेशकश की गई।
प्रदर्शनकारी कर्मचारी पहले ही प्रदर्शन की योजना बना चुके हैं। खासकर आगामी फार्मूला वन मोटर रेस के दौरान उनका विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम है। इस रेस में यूबी समूह के प्रमुख किंगफिशर एयरलाइंस के प्रवर्तक विजय माल्या भी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को विमानन नियामक डीजीसीए ने किंगफिशर एयरलाइंस का लाइसेंस निलंबित कर दिया। उसके बाद यह बैठक हुई है। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 22, 2012, 17:53