कोल इंडिया के कर्मचारी 23 सितंबर से 3 दिन की हड़ताल पर

कोल इंडिया के कर्मचारी 23 सितंबर से 3 दिन की हड़ताल पर

नई दिल्ली : कोल इंडिया के सभी ट्रेड यूनियनों ने 23 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल पर जाने का निर्णय किया है। उनका कहना है कि सरकार तथा कंपनी कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के निर्देशों पर ध्यान नहीं दिया है। हड़ताल के संदर्भ में संयुक्त रूप से नोटिस जारी करते हुए सीटू की अगुवाई वाले ऑल इंडिया कोल वर्कर्स फेडरेशन (एआईसीडब्ल्यूएफ) द्वारा 19 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल के संदर्भ में पूर्व में दिये गये नोटिस को अब वापस लिया जाएगा।

यूनियनों ने इस मुद्दे पर कल रांची में बैठक की थी। कोयला सचिव तथा कोल इंडिया के चेयरमैन को दिये नए नोटिस में ट्रेड यूनियनों ने कहा, विस्तृत विचार विमर्श के बाद पांच केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों ने 23 से 25 सितंबर के बीच तीन दिन की हड़ताल का नोटिस देने का निर्णय किया है।

कोल इंडिया में पांच केंद्रीय ट्रेड यूनियन काम कर रहे हैं। ये इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक), ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक), भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस), हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) तथा सेंटर फार इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) हैं।

कोल इंडिया में 10 प्रतिशत विनिवेश तथा इसके पुनर्गठन का प्रस्ताव जैसे मुद्दों को लेकर ट्रेड यूनियन विरोध कर रहे हैं और हड़ताल पर जाने का निर्णय किया है।

यूनियनों के विरोध को देखते हुए सरकार पहले ही कोल इंडिया में विनिवेश की मात्रा कम कर 5 प्रतिशत कर दिया है। साथ कोयला मंत्री जायसवाल ने पिछले डेढ़ महीने में तीन बार यूनियनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की है।

हालांकि यूनियनों का कहना है कि कोयला सचिव तथा कोल इंडिया के चेयरमैन जायसवाल द्वारा नीति पर चर्चा तथा कंपनी संबंधी मामलों में दिये गये निर्देशों का अनुपालन नहीं कर रहे। उनकी प्रतिक्रिया निराशाजनक हैं। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 19, 2013, 21:22

comments powered by Disqus