खुदरा क्षेत्र में बढ़ सकता है एफडीआई - Zee News हिंदी

खुदरा क्षेत्र में बढ़ सकता है एफडीआई




नई दिल्ली : सरकार एकल ब्रांड खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) की सीमा बढ़ाने के बारे में गंभीरता से विचार कर रही है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने सोमवार को इटली के एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल को यह जानकारी दी। फिलहाल एकल ब्रांड खुदरा क्षेत्र में एफडीआई सीमा 51 प्रतिशत है।

 

शर्मा ने फिक्की द्वारा आयोजित भारत-इटली बिजनेस फोरम की बैठक को संबोधित करते हुए कहा, एकल ब्रांड खुदरा क्षेत्र में एफडीआई सीमा अभी 51 प्रतिशत है, पर हम देख रहे हैं कि इसे कैसे बढ़ाया जा सकता है। फ्रांस के साथ इटली दुनिया के प्रमुख फैशन लेबल प्रदान करता है। इनमें से कई कंपनियां भारत के तेजी से बढ़ते बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाना चाहती हैं।

 

वर्तमान में वैश्विक रिटेल कंपनियां एडिडास, नाइके, लुइस विटन, हर्मेस और गुची भारत में 51 प्रतिशत तक का निवेश कर सकती हैं। उन्हें इसके लिए एक स्थानीय भागीदार की जरूरत होगी। एफडीआई सीमा कम होने की वजह से यूरोप के कई फैशन लेबल भारत में अपना निवेश बढ़ा नहीं पा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि भारत और इटली के उद्यमियों के लिए परस्पर सहयोग बढ़ाने को लेकर भी काफी संभावनाएं हैं।

 

मंत्री ने कहा कि दोनों देश कपड़ा, फैशन डिजाइनिंग और चमड़ा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इटली के उद्यमी देश के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में भी संभावनाएं तलाश सकते हैं। इस क्षेत्र में 2012 से 2017 तक 1,000 अरब डॉलर के निवेश की जरूरत होगी।

 

इटली के आर्थिक विकास मंत्री पाउलो रोमानी ने वाहन, बुनियादी ढांचा, अक्षय उर्जा, रक्षा और सेवा क्षेत्र में भारत का सहयोग मांगा। उन्होंने कहा, हमें द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने पर अधिक ध्यान देना होगा। भारत के ढांचागत विकास में इटली भागीदारी कर सकता है। दोनों देशों के बीच 2010-11 में व्यापार 8.8 अरब डॉलर का रहा था। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 31, 2011, 19:52

comments powered by Disqus