Last Updated: Wednesday, July 17, 2013, 22:06

न्यूयार्क : ऑनलाइन धन स्थानांतरण करने वाली कंपनी पेपॉल ने गलती से एक व्यक्ति के खाते में 92,233,720,368,547,800 डॉलर डाल दिये। कंपनी की इस गलती से कुछ समय के लिये यह व्यक्ति दुनिया का सबसे धनी व्यक्ति बन गया। संक्षेप में कहें तो यह रकम 92 क्वाड्रिलियन यानी लगभग 9,22,337 खरब डालर है।
डेलावेयर केरस रेनाल्डस (56) को पिछले सप्ताह यह सुखद झटका लगा जबकि उनके पास ईमेल से पेपॉल का मासिक स्टेटमेंट आया। इसके अनुसार उनके खाते में 92 क्वाड्रियिलन हैं। अगर इस रकम के लिहाज से देखा जाए तो दुनिया के सबसे धनी कार्लोस स्लिम से हजारों गुना धनी बन गये। मेक्सिको के कार्लोस की संपत्ति सिर्फ 73 अरब डॉलर है।
फिलाडेल्फिया डेली न्यूज ने रेनाल्डस के हवाले से कहा है, पहली नजर में मुझे लगा कि मेरे पास अरबों खरब है। यह कुछ ज्यादा बड़ा ही आश्चर्य था। रेनाल्डस ने कहा कि वह दस साल से पेपॉल का इस्तेमाल ऑनलाइन खरीददारी के लिए कर रहे हैं और औसतन महीने में 100 डॉलर से अधिक खर्च नहीं करते।
शुरआती हैरानी से उबरते हुए रेनाल्डस ने पेपॉल साइट पर अपने खाते में जाकर देखा तो पाया कि उनके खाते में सिर्फ और सिर्फ शून्य डॉलर है। पेपॉल ने अपने स्तर पर गलती को स्वीकार किया है और उसने रेनाल्डस की इच्छा से किसी मद में अघोषित राशि दान करने की इच्छा जताई है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 17, 2013, 21:32