टाटा समूह के लिए नए नहीं हैं मिस्त्री - Zee News हिंदी

टाटा समूह के लिए नए नहीं हैं मिस्त्री



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : अब जबकि रतन टाटा के उत्‍तराधिकारी की घोषणा हो गई है, तो साइरस मिस्‍त्री के बारे में जिज्ञासा बढ़ना लाजिमी है। अगले साल टाटा समूह की बागडोर अब उनके हाथ में होगी और वैसे भी टाटा समूह के लिए मिस्त्री नए नहीं हैं। अगला साल जब समाप्त हो रहा होगा तो 43 साल के साइरस पलोंजी मिस्त्री एक नई यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी से देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने के मुखिया तक की होगी।

 

मिस्त्री दिसंबर 2012 में टाटा संस के चेयरमैन पद पर रतन टाटा की जगह लेंगे। टाटा संस 80 अरब डालर से अधिक का कारोबार करने वाले नमक से लेकर साफ्टवेयर का कारोबार करने वाले टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी है, यानी समूह की सभी कंपनियों में टाटा संस मुख्य शेयरधारक है। मिस्त्री फिलहाल शापुर्जी पल्लोंजी ग्रुप के प्रबंध निदेशक हैं। यह 2.5 अरब डालर कारेाबार वाला निर्माण केंद्रित कंपनी समूह है, जबकि मिस्त्री उस टाटा घराने की बागडोर संभालने जा रहे हैं,जिसकी मौजूदगी नमक से लेकर लोहे और साफ्टवेयर के कारोबार तक में है।

 

टाटा समूह में मिस्त्री नए नहीं हैं। उन्हें 2006 में टाटा संस के निदेशक मंडल में नियुक्त किया गया था। समूह की कई और कंपनियों में भी वे गैर कार्यकारी पदों पर हैं। इस समय टाटा संस तथा टाटा एलेक्सी (इंडिया) के निदेशक मिस्त्री उस पांच सदस्यीय चयन समिति में भी थे जो रतन टाटा का उत्तराधिकारी ढूंढने के लिए बनाई गई। मिस्त्री का जन्म चार जुलाई 1968 को हुआ और उन्होंने इंपीरियल कॉलेज लंदन से सिविल इंजीनियरिंग की पढाई की। उनके पास लंदन बिजनेस स्कूल से मास्टर डिग्री (प्रबंधन) है और वे इंस्टीट्यूशन आफ सिविल इंजीनियर्स के फेलो भी हैं।

First Published: Wednesday, November 23, 2011, 21:49

comments powered by Disqus