Last Updated: Monday, June 17, 2013, 22:47
मुंबई : देश में सस्ती उड़ान सेवा के बाजार में प्रवेश करने जा रही एयरएशिया इंडिया उड़ान भरने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ गई है।
कंपनी ने टाटा समूह की साफ्टवेयार सेवा कंपनी टीसीएस के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस रामदुरई को चेयरमैन नियुक्त करने की सोमवार को घोषणा की। इसके साथ ही इस बारे में पिछले आठ महीने से चल रही अटकलों का दौर समाप्त हो गया है और कंपनी के शीर्ष संचालकों की टीम पूरी तैयार हो गई है।
टाटा समूह के सेवानिवृत्त प्रमुख रतन टाटा को की एयरलाइन के निदेशक मंडल का मुख्य सलाहकार नियुक्त करने के एक दिन बाद ही एयरएशिया समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी टोनी फर्नांडिज ने देश की सबसे बड़ी साफ्टवेयर निर्यातक कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के वाइस चेयरमैन सुब्रमण्यन रामदुरई को अपनी प्रस्तावित बजट एयरलाइल का चेयरमैन नियुक्त करने की घोषणा की।
रामदुरई टीसीएस मुख्य कार्यपालक अधिकारी रह चुके है। फर्नांडिज ने ट्विट किया, कि मैं रामदुरई को एयरएशिया इंडिया का चेयरमैन नियुक्त करने की पुष्टि करता हूं, वह दक्षिण के आदमी हैं। इससे हमारी प्रबंधन टीम पूर्ण हो गई है। इसमें सलाहकार, चेयरमैन और सीईओ शामिल हैं। यह काफी मजबूत टीम है। रामदुरई टाटा समूह से एयरलाइन संयुक्त उद्यम में पद रखने वाले चौथे व्यक्ति हो गए हैं। उनसे पहले रतन टाटा, रतन टाटा के पूर्व मुख्य कार्यपालक सहायक, आर वेंकटरमन और टाटा समूह के मुख्य विधि परामर्शदाता भारत वसानी एयरएशिया इंडिया में शामिल किए जा चुके हैं।
एयरएशिया इंडिया एयर एशिया, टाटा संस और अरुण भाटिया की टेलीट्रा ट्रेडप्लेस का संयुक्त उद्यम है। इसमें तीनों की हिस्सेदारी क्रमश: 49:30:21 है। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 17, 2013, 22:47