दफ्तरों के लिए कनॉट प्लेस दुनिया का 5वां सबसे महंगा इलाका

दफ्तरों के लिए कनॉट प्लेस दुनिया का 5वां सबसे महंगा इलाका

नई दिल्ली : दिल्ली का दिल कहा जाने वाला कनॉट प्लेस कार्यालय स्थलों या दफ्तरों के लिए दुनिया का पांचवां सबसे महंगा इलाका है। वैश्विक प्रापर्टी सलाहकार सीबीआरई के मुताबिक दुनिया के सबसे महंगे कार्यालय स्थल के रूप में हांगकांग (सेंट्रल) शीर्ष पर है। यहां जगह लेने की सालाना लागत 246.3 डॉलर प्रति वर्ग फुट बैठती है। दूसरे स्थान पर लंदन का वेस्ट एंड है। उसके बाद तोक्यो के मारुनाउची ओतेमाची, बीजिंग के सेंट्रल बिजनेट डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) और दिल्ली के कनाट प्लेस का नंबर आता है। सीबीआरई के एक सर्वेक्षण के अनुसार कनॉट प्लेस में जगह लेने की सालाना लागत 183.30 डॉलर प्रति वर्ग फुट है। कनॉट प्लेस महंगे कार्यालय स्थल की सूची में नौवें से पांचवें स्थान पर आ गया है।

इस सूची में मुंबई का बांद्रा कुर्ला काम्प्लेक्स 11वें स्थान पर है, जबकि मुंबई का ही नरीमन पाइंट 25वें स्थान पर। जुलाई में बांद्रा कुर्ला काम्प्लेक्स 13वें और नरीमन पाइंट 20वें स्थान पर थे।

सीबीआरई दक्षिण एशिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अंशुमान मैगजीन ने कहा, ‘‘प्रमुख सीबीडी गंतव्यों पर आपूर्ति बेहद सीमित होती है और निकट भविष्य में वहां आपूर्ति की संभावना नहीं है।’’ सीबीआरई दुनिया में 133 बाजारांे में कार्यालय स्थल की लागत पर निगाह रखती है। 50 सबसे महंगे बाजारों में 19 यूरोप पश्चिम एशिया और अफ्रीका में हैं। वहीं 18 एशिया प्रशांत में और 13 अमेरिकी बाजारों में हैं। 74 बाजारों में कार्यालय स्थलों की लागत बढ़ी है, जबकि 37 में यह घटी है। 22 में कोई बदलाव नहीं हुआ है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 19, 2012, 22:11

comments powered by Disqus