देश भर में ‘थीम पार्क’ बनाने की सोच रही सरकार : सहाय

देश भर में ‘थीम पार्क’ बनाने की सोच रही सरकार : सहाय

लखनऊ : केन्द्रीय पर्यटन मंत्री सुबोध कांत सहाय ने शनिवार को कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए देश में जगह-जगह ‘थीम पार्क’ विकसित करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में सहाय ने कहा, पर्यटकों को कैसे रोका जाए..वे कैसे एक पर्यटन स्थल पर दो-चार दिन ठहरें, यह बड़ा सवाल है। इसके लिए हम थीम पार्क विकसित करने के प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यटन रोजगार सृजन का बहुत बड़ा जरिया है और कोई दूसरा मंत्रालय यह काम नहीं कर सकता।

सहाय ने कहा कि कृषि क्षेत्र प्रति लाख में से 45 लोगों को रोजगार देता है जबकि पर्यटन से प्रति लाख पर 78 लोगों को रोजी-रोटी मिलती है। योजना आयोग के अध्ययन में यह बात सामने आई है।

उन्होंने कहा कि देश में पहली बार 12वीं पंचवर्षीय योजना में यह माना गया है कि पर्यटन का क्षेत्र गरीबी खत्म करने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए मुख्य औजार साबित हो सकता है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार मूलभूत ढांचा तैयार करने में सहयोग करेंगे, जबकि राजस्व अर्जन ढांचा निजी सार्वजनिक भागीदारी के तहत तैयार किया जाएगा जिसमें सरकार निजी पक्ष के साथ राजस्व को बांटेगी।

उन्होंने कहा कि बौद्ध परिपथ उत्तर प्रदेश की धरोहर है और 12-13 देशों के सैलानी उसका भ्रमण करना चाहते हैं।

सहाय ने कहा कि प्रदेश में सूफी तथा हिन्दू परिपथों को राज्य सरकार की सहभागिता के जरिए समेकित ढंग से विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि उनकी सरकार हर क्षेत्र के विकास की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा, खेती के क्षेत्र में, छात्रों, नौजवानों के कल्याण तथा स्वास्थ्य सेवाओं पर भी काम हो रहा है।

उन्होंने कहा, हमने योजना आयोग से कहा है कि हम राज्य के सकल घरेलू उत्पाद को 6 . 2 प्रतिशत से 10 फीसद तक ले जाएंगे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 21, 2012, 17:34

comments powered by Disqus