Last Updated: Tuesday, September 11, 2012, 13:22

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली: पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी ने कहा है कि पेट्रोल कीमतों में बढ़ोतरी जरूरी है। उन्होंने आज संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि यह फैसला सिर्फ आर्थिक आधार पर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तेल कीमतों में बढोतरी के अलावा और कोई चारा नहीं है। एक तरफ से उनके इस बयान के बाद सरकार ने इस बात पर मोहर लगा दी है कि पेट्रोल और एलपीजी के दाम अब बढने तय है।
माना जा रहा है कि डीजल और रसोई गैस के दाम में आज से बढ़ोतरी हो सकती है। सूत्रों के अनुसार रसोई गैस 50 रूपए तक महंगी हो सकती है। डीजल 5 रूपए महंगा हो सकता है। इसका फैसला राजनीतिक मामलों की कैबिनेट कमेटी की बैठक आज होनी है। बैठक में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी पर मुहर लग सकती है।
पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी ने इन तीनों पदार्थो पर दी जा रही सब्सिडी को कम करने की मांग की थी। वित्त मंत्री पी.चिदंबरम ने भी सब्सिडी कम करने पर सहमति जताई है। पेट्रोलियम मंत्री और वित्त मंत्री का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम में बढ़ोतरी हो रही है। सब्सिडी के कारण सरकार पर बोझ बढ़ता जा रहा है। वित्त मंत्री का कहना है कि अगर डीजल,रसोई गैस और केरोसिन के दाम में बढ़ोतरी नहीं की गई तो आर्थिक सुधारों से संबधित कानूनों को रोकना पड़ेगा।
सरकार गैस की राशनिंग की भी तैयारी कर रही है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कैबिनेट नोट के जरिए तुरंत प्रभाव से रसोई गैस, डीजल और केरोसिन के दाम में बढ़ोतरी की मांग की है। पेट्रोलियम मंत्रालय चाहता है कि हर घर को साल में 4 से 6 सिलेण्डर पर ही सब्सिडी मिले। पेट्रोलियम मंत्रालय ने राजनीतिक मामलों की कैबिनेट कमेटी के समक्ष प्रस्ताव रखा है कि प्रति माह 50 हजार की आय वालों को गैस पर सब्सिडी न दी जाएं।
First Published: Tuesday, September 11, 2012, 13:22