Last Updated: Wednesday, July 31, 2013, 21:34
ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसीनई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम बढ़ने की वजह से पेट्रोल के दाम आज 70 पैसे लीटर बढ़ा दिये गये। पिछले दो महीने में पांचवीं बार पेट्रोल के दाम बढ़े हैं। डीजल के दाम में भी 50 पैसे लीटर की वृद्धि की कर दी गई। मूल्यवृद्धि आज मध्यरात्रि से लागू होगी। इस मूल्यवृद्धि में वैट और स्थानीय कर अलग से जुड़ेंगे इसलिए वास्तविक वृद्धि इससे अधिक होगी और यह विभिन्न शहरों में अलग-अलग होगी।
पिछले 15 दिन में दूसरी बार पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी की गई है। 14 जुलाई को ही पेट्रोल के दाम में 1.55 रूपए की बढ़ोतरी की गई थी। दाम में बढ़ोतरी की वजह डॉलर के मुकाबले रूपए का कमजोर होना है।
दिल्ली में पेट्रोल के दाम वैट सहित 84 पैसे बढ़ जायेंगे। एक लीटर पेट्रोल का दाम 71.28 रुपए लीटर होगा। मुंबई में यह 78.61 रुपए लीटर बिकेगा। जून के बाद से पेट्रोल के दाम में यह पांचवी वृद्धि है। इस दौरान दाम 6.82 रुपए लीटर बढ़ चुके हैं।
तेल कंपनियों ने इसके साथ ही डीजल के दाम 50 पैसे लीटर बढ़ा दिये। यह निर्णय सरकार के जनवरी के फैसले के अनुरूप लिया गया। सरकार ने कंपनियों को डीजल की बिक्री पर होने वाले नुकसान की भरपाई के लिये हर महीने हल्की वृद्धि करने की अनुमति दी थी। वैट सहित दिल्ली में डीजल का दाम 56 पैसे बढ़ेगा और इस वृद्धि के साथ डीजल का दाम 51.40 रुपए लीटर होगा। मुंबई में यह आज मध्यरात्रि से यह 57.61 से बढ़कर 58.23 रुपए लीटर हो जायेगा।
जनवरी के बाद से सातवीं बार डीजल के दाम बढ़े हैं। इतनी वृद्धि के बाद डीजल की बिक्री पर होने वाला नुकसान पूरी तरह समाप्त हो जाना चाहिये था लेकिन डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत में आई भारी गिरावट से स्थिति बिगड़ गई। तेल कंपनियों को डीजल के मौजूदा बिक्री मूल्य पर अभी भी 9.29 रुपए प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है।
इंडियन ऑयल कापरेरेशन ने मूल्यवृद्धि की घोषणा करते हुए कहा, वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर डीजल, घरेलू रसोई गैस और मिट्टी तेल की उनकी वास्तविक लागत से कम पर बिक्री से उसका नुकसान 1,28,500 करोड़ रुपए तक पहुंच जायेगा।
इंडियन ऑयल ने कहा, पेट्रोल की पिछली मूल्यवृद्धि के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल के दाम 117.19 डॉलर से बढ़कर 120.05 डॉलर प्रति बैरल से तक पहुंच गया। इस दौरान रुपया-डॉलर विनिमय में हालांकि, मामूली सुधार रहा और यह 60.03 से बढ़कर 59.49 रुपए प्रति डॉलर हो गया। इन दोनों के मिलेजुले असर को देखते हुये पेट्रोल के दाम में 70 पैसे लीटर की वृद्धि का फैसला किया गया।
डीजल पर 9.29 रुपए लीटर के नुकसान के अलावा तेल कंपनियों को राशन में बिकने वाले मिट्टी तेल पर 33.54 रुपए लीटर और घरेलू रसोई गैस सिलेंडर पर 412 रुपए प्रति सिलेंडर का नुकसान हो रहा है।
इंडियन ऑयल ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम और डॉलर-रुपया विनिमय दर पर नजदीकी से निगाह रखी जा रही है, जो भी रझान बनेगा वह भविष्य में दाम में होने वाले बदलाव में परिलक्षित होगा।
चार महानगरों में पेट्रोल, डीजल के बढ़े दामनई दिल्ली : तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में आज वृद्धि की। नई दरें मध्यरात्रि से प्रभावी होंगी। इस वृद्धि के बाद चार महानगरों में दोनों ईंधन के बढ़े दाम इस प्रकार हैं :-
पेट्रोल (रुपए प्रति लीटर)
संशोधित कीमत - मौजूदा कीमत - बढ़ोतरी
दिल्ली 71.28 , 70.24, 0.84
कोलकाता 78.64, 77.76, 0.88
मुंबई 78.61, 77.73, 0.88
चेन्नई 74.49, 73.60, 0.89
डीजल (रुपए प्रति लीटर)
संशोधित कीमत - मौजूदा कीमत - बढ़ोतरी
दिल्ली 50.84, 51.40, 0.56
कोलकाता 55.16, 55.74, 0.58
मुंबई 57.61, 58.23, 0.62
चेन्नई 54.15, 54.76, 0.61
First Published: Wednesday, July 31, 2013, 20:10