Last Updated: Wednesday, October 3, 2012, 22:22

नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम बढ़ने के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर (एलपीजी) का दाम 127 रुपये बढ़ाकर 883.50 रुपये प्रति सिलेंडर कर दिया है। इंडियन ऑयल कापरेरेशन ने कहा, दिल्ली में एक अक्तूबर से बिना सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर का दाम 127 रुपये बढ़ा दिया गया है। इंडियन ऑयल के निदेशक विपणन एम.नेने ने कहा अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी के दाम में यदि गिरावट आती है तो उसका लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जायेगा। तेल कंपनियां अब हर महीने अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार गैस सिलेंडर का दाम तय करेंगी। बाजार मूल्य पर बिकने वाले बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर के दाम हर महीने घटबढ सकते हैं।
सरकार ने पिछले महीने ही सब्सिडीयुक्त एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सीमित करने का फैसला किया। दिल्ली में सब्सिडीयुक्त 14.2 किलो गैस सिलेंडर का दाम 399 रुपये है। इस तरह के सिलेंडर अब साल में केवल छह ही दिये जायेंगे। इससे अधिक जरुरत पड़ने पर सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना होगा।
कंपनी सूत्रों के अनुसार सब्सिडीयुक्त गैस सिलेंडर का दाम तो स्थिर रहेगा लेकिन बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर का दाम तेल कंपनियों हर महीने अंतरराष्ट्रीय कीमत के अनुसार अधिसूचित करेंगी। सरकार ने बाजार मूल्य पर बिकने वाले घरेलू सिलेंडर पर बोझ कम करने के लिये उत्पाद एवं सीमा शुल्क से छूट दी है। व्यावसायिक उपयोग वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर का दाम दिल्ली में अब 1,062 रुपये होगा जबकि 19 किलो वाले सिलेंडर का दाम 1,636.50 रुपये होगा। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 3, 2012, 22:22